Top NewsIndiaWorldOther StatesBusiness
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

गोवा : कल CM पद की शपथ लेंगे प्रमोद सावंत, PM मोदी और रक्षा मंत्री भी रहेंगे मौजूद

प्रमोद सावंत सोमवार को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए सीएम पद की शपथ लेंगे। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 20 सीटें मिली है और पार्टी ने दोबारा से सावंत को सीएम पद सौंपा है।

12:47 PM Mar 27, 2022 IST | Desk Team

प्रमोद सावंत सोमवार को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए सीएम पद की शपथ लेंगे। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 20 सीटें मिली है और पार्टी ने दोबारा से सावंत को सीएम पद सौंपा है।

गोवा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सोमवार को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए सीएम पद की शपथ लेंगे।
हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 20 सीटें मिली है और
पार्टी ने दोबारा से सावंत को सीएम पद सौंपा है। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।  एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। शपथ ग्रहण समारोह राज्य के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सुबह 11 बजे होगा। सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे।
पार्टी ने कैबिनेट के अन्य मंत्रियों के बारे में नहीं की है कोई घोषणा
स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है और राज्य में शपथ ग्रहण समारोह का प्रसारण विभिन्न समाचार चैनलों के माध्यम से भी किया जाएगा। हालांकि, भाजपा सोमवार को शपथ लेने वाले अन्य कैबिनेट मंत्रियों की संख्या को लेकर अब तक खामोश रही है। संपर्क किए जाने पर सावंत ने रविवार सुबह मीडिया से कहा, आपको इसके बारे में कल पता चलेगा। अभी, मुझे नहीं पता कि कितने मंत्री शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री के अलावा, गोवा कैबिनेट में 11 और मंत्री हो सकते हैं। यह दूसरी बार होगा जब गोवा के मुख्यमंत्री राजभवन परिसर के बाहर शपथ लेंगे। मनोहर पर्रिकर ने 2012 में राज्य की राजधानी पणजी के कैंपल मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उस वक्त भाजपा सदन में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।
विधानसभा अध्यक्ष का भी होगा चुनाव
अधिकारियों ने पहले बताया था कि राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने 29 मार्च से नई विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुलाया है, इस दौरान सावंत को विश्वास मत हासिल करना होगा। उन्होंने कहा कि, सत्र के दौरान विधानसभा का नया अध्यक्ष भी चुना जाएगा, जिसमें विधेयकों को पारित करने और लेखानुदान सहित कई विधायी कार्यों को पूरा किए जाने की उम्मीद है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने जहां विधायक अलेक्सो सिकेरा को अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है, वहीं भाजपा के रविवार को अपने उम्मीदवार की घोषणा करने की उम्मीद है।
भाजपा ने बहुमत से कम जीती है एक सीट
हाल में संपन्न राज्य के चुनाव में भाजपा ने 20 सीटों पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत से एक कम है। तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है। सावंत (48) उत्तरी गोवा के सांखालिम से विधायक हैं। 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने पर्रिकर के निधन के बाद मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। सावंत पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं।

Advertisement
Advertisement
Next Article