गूगल की फेवरेट कैसे बनी इडली, डूडल पर बनाई टेस्टी प्लेट, जानें इसका इतिहास
Google Doodle Idli: आज Google ने अपने होमपेज पर भारत के एक लोकप्रिय और स्वादिष्ट व्यंजन इडली को समर्पित एक स्पेशल डूडल बनाया है। 'इडली का जश्न' शीर्षक वाला यह डूडल दक्षिण भारतीय व्यंजनों की गर्मजोशी, परंपरा और स्वाद को बखूबी दर्शाता है।
Google Doodle Celebrates Idli: गूगल डूडल पर छाई इडली
इडली का जिक्र किए बिना दक्षिण भारतीय भोजन की बात नहीं हो सकती। यह व्यंजन न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसलिए आप नाश्ते, दोपहर के भोजन या रात के खाने में कभी भी इडली का आनंद ले सकते हैं। यह डूडल Google की फूड एंड ड्रिंक सीरीज का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दुनिया भर के स्थानीय व्यंजनों का सम्मान करना है।

Google Doodle Idli
इस डूडल में पारंपरिक इडली को दर्शाया गया है केले के पत्ते पर रखी नरम इडली, भाप से उबलता बर्तन और रंग-बिरंगी चटनियों की झलक। G चावल के दानों को दर्शाता है, पहला O इडली के घोल को दर्शाता है। दूसरा O इडली के सांचों को दर्शाता है, L और G इडली और वड़ों के गोल आकार को दर्शाते हैं, जबकि E चटनी और सांभर को दर्शाता है।
Idli History: इडली का इतिहास
इडली के इतिहास के बारे में कई सिद्धांत हैं। प्रसिद्ध शेफ रणवीर बरार ने एक टीवी शो में सुझाव दिया था कि इडली की जड़ें इंडोनेशिया में हो सकती हैं। उनका मानना है कि यह व्यंजन व्यापारियों और यात्रियों के माध्यम से भारत आया। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस बयान को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।
इतिहासकारों का मानना है कि इडली जैसे व्यंजनों का उल्लेख वैदिक काल से मिलता है। ऋग्वेद में करवा या करम्बा नामक व्यंजन का उल्लेख है, जो जौ और दही का भाप में पकाया जाने वाला मिश्रण होता है। इसे आज की इडली की तरह, छोटे, दीये के आकार के कटोरों में बनाया गया था।

Idli Recipe: आसान इडली रेसिपी
इडली बनाने के लिए, एक कटोरी उड़द दाल और तीन कटोरी चावल को रात भर अलग-अलग भिगो दें। आप दाल में थोड़े मेथी के दाने भी मिला सकते हैं। सुबह इन्हें पीसकर घोल बना लें और कुछ घंटों के लिए किसी गरम जगह पर ढककर रख दें। कुछ घंटों बाद घोल फूल जाएगा। अब घोल को इडली के सांचों में डालें, उन्हें चिकना करें और इडली को भाप में पकाएं। उसमें टूथपिक घुसा कर देंखेंं, अगर टूथपिक या चाकू साफ निकल आए तो आपकी इडली बनकर तैयार है!