गुजरात : पाकिस्तानी नौका से 200 करोड़ रुपए की ड्रग्स बरामद, 6 पाक नागरिक गिरफ्तार
गुजरात के तट पर अरब सागर में मछली पकड़ने वाली पाकिस्तानी नाव से 200 करोड़ रुपये की 40 किलोग्राम हेरोइन जब्त हुई है। इसके साथ ही 6 पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
12:14 PM Sep 14, 2022 IST | Desk Team
Advertisement
भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (Gujarat Anti-Terrorism Squad) ने बुधवार को भारतीय जल क्षेत्र में एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है। गुजरात के तट पर अरब सागर में मछली पकड़ने वाली इस नाव से 200 करोड़ रुपये की 40 किलोग्राम हेरोइन जब्त हुई है। इसके साथ ही 6 पाकिस्तानी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
Advertisement
एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नौका चालक दल के सदस्य छह पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के पास तटरक्षक बल और एटीएस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ ले जा रही मछली पकड़ने वाली नौका को समुद्र में रोक लिया।

उन्होंने कहा, “हेरोइन को गुजरात तट पर उतारे जाने के बाद सड़क मार्ग के जरिए पंजाब ले जाया जाना था। गुप्त सूचना के आधार पर हमने पाकिस्तान से चली नौका को रोका और छह पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ लिया, जिनके पास से 40 किलोग्राम हेरोइन मिली है।”
Advertisement
उन्होंने कहा कि जब्त नौका के साथ एटीएस और तटरक्षक बल के अधिकारियों के आज जखाऊ तट पर पहुंचने की उम्मीद है। ICG के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि गुजरात तट से पकड़ी गयी पाकिस्तानी नाव को जखाउ बंदरगाह ले जाया जा रहा है। वहीं नाव के साथ हिरासत में लिए गए 6 पाकिस्तानी चालक दल से भी पूछताछ की जा रही है।
Advertisement