For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

Haryana: Ambala में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकाली गई यात्रा, असीम गोयल ने खुद ट्रैक्टर चलाकर किया नेतृत्व

08:12 PM Aug 12, 2025 IST | Amit Kumar
haryana  ambala में  हर घर तिरंगा  अभियान के तहत निकाली गई यात्रा  असीम गोयल ने खुद ट्रैक्टर चलाकर किया नेतृत्व
Haryana-Ambala

Haryana: स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में Ambala शहर में सोमवार को एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व "हर घर तिरंगा" अभियान के प्रदेश संयोजक और हरियाणा सरकार के पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने किया। हजारों की संख्या में लोग इस देशभक्ति यात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा शहर देश प्रेम के रंग में रंग गया।

असीम गोयल ने ट्रैक्टर चला कर जताया उत्साह

तिरंगा यात्रा की शुरुआत Ambala शहर के प्रमुख इलाकों से हुई। यात्रा के दौरान असीम गोयल स्वयं ट्रैक्टर चलाते नजर आए। उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कार्यकर्ता और युवा मौजूद थे। चारों तरफ 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारे गूंजते रहे। इस यात्रा ने शहर के विभिन्न चौकों, बाजारों और गलियों से गुजरते हुए पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

बारिश भी नहीं रोक सकी उत्साही भीड़

इस दौरान हल्की बारिश भी हुई, लेकिन उत्साहित लोगों का जोश कम नहीं हुआ। असीम गोयल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बारिश के बावजूद लोग लगातार जुड़ते रहे, जो देश के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ "हर घर तिरंगा" अभियान एक सामाजिक और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बन गया है।

अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

असीम गोयल ने जानकारी दी कि यात्रा की शुरुआत से पहले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। यात्रा का समापन भी श्रद्धांजलि स्थल पर ही हुआ। उन्होंने यात्रा में भाग लेने वाले सभी लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

विपक्ष पर असीम गोयल का तीखा हमला

मीडिया से बातचीत में असीम गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा। अगर राहुल गांधी को लगता है कि कहीं धांधली हो रही है तो उन्हें सीधे कोर्ट का रुख करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को "डूबता हुआ जहाज" बताते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिखाया जोश

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने भी यात्रा में भाग लिया और बताया कि हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने इस तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का काम कर रही है।

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

Advertisement
×