अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 की तैयारियां तेज, CM सैनी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, साझा की अहम जानकारियां
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगामी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने इस अवसर पर महोत्सव से जुड़ी मुख्य जानकारियां साझा कीं और सभी देशवासियों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया। सम्मेलन की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने महिला वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए हरियाणा की बेटी शेफाली वर्मा को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
Haryana News: कुरुक्षेत्र में 10वां अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव
मुख्यमंत्री ने बताया कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की प्रेरणा से अब तक मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है। इस आयोजन ने विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति और अध्यात्म का संदेश फैलाया है। 10वां अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव इस बार 15 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में आयोजित होगा। पहली बार यह महोत्सव 21 दिनों तक चलेगा। इस आयोजन में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
Haryana News Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2016 में इस महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की परंपरा शुरू हुई थी। तब से यह महोत्सव भारत की आध्यात्मिक पहचान बन चुका है। इस बार महोत्सव में मध्य प्रदेश सहयोगी राज्य के रूप में भाग लेगा। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ब्रह्म सरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में विशेष सांस्कृतिक पवेलियन तैयार किया जा रहा है।
International Gita Festival 2025: अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी
24 नवंबर से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 25 विद्वान भाग लेंगे। साथ ही, विदेश मंत्रालय की पहल पर 51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका लाइव प्रसारण भी होगा।
विशेष कार्यक्रम और आयोजन
- 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक ब्रह्म सरोवर पर भाव गीत महा आरती होगी।
- 1 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ और भागवत कथा का आयोजन होगा।
- उसी दिन 18,000 विद्यार्थी एक साथ गीता का वैश्विक पाठ करेंगे और 182 तीर्थ स्थलों पर दीपोत्सव मनाया जाएगा।
- गीता पुस्तक मेला 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होगा।
- 7 देशों के 25 शिल्पकार अपनी कला प्रदर्शित करेंगे।
- बलराम कुश्ती दंगल में देश के प्रसिद्ध पहलवान हिस्सा लेंगे।
जिले स्तर पर कार्यक्रम
28 नवंबर से महोत्सव के कार्यक्रम सभी जिला मुख्यालयों में शुरू होंगे। 1 दिसंबर को गीता जयंती के दिन हर जिले में 1,800 विद्यार्थियों द्वारा गीता पाठ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर भी कुरुक्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दोनों आयोजनों में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, शांति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने समस्त हरियाणा निवासियों और देशवासियों से इस आयोजन में सहभागिता की अपील की और सभी के मंगल भविष्य की कामना की।