पत्नी ने मांगा तलाक, पति ने चाकू से गोदकर कर दी हत्या, मृतका के भाई ने बताई सारी कहानी
हरियाणा के अंबाला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शराब के नशे में एक पति बंटी ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी हिना की चाकू गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी के पेट और छाती पर कई वार किए। महिला दो बच्चों की मां बताई जा रही है। मृतका के भाई ने बताया कि जीजा बहन के चरित्र पर शक करता था। जब भी बहन का फ़ोन बिजी आता, तो वह उससे मारपीट और झगड़ा करता। रविवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। तभी हिना ने पति से तलाक लेने की बात कही, तो उसने उस पर हमला कर दिया।
पत्नी के चरित्र पर करता था शक
हीना और बंटी की शादी 13 साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे, 11 साल का बेटा और 9 साल की बेटी है। वे तीन महीने से गुरु नानक के मकान नंबर 19-C में किराए पर रह रहे थे। बंटी एक फैक्ट्री में काम करता है। मृतका के भाई नन्नू के अनुसार, बंटी हीना के चरित्र पर शक करता था। हीना का फोन व्यस्त रहने या किसी से बात करने पर वह उससे झगड़ता था और उसे जान से मारने की धमकी भी देता था।
तलाक मांगने पर कर दी पत्नी की हत्या
रविवार शाम करीब 4:30 बजे जब हीना आंगन में कपड़े धो रही थी, तब शराब के नशे में घर पहुंचे बंटी ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर जब हीना ने तलाक मांगने की बात कही, तो गुस्से में आकर बंटी ने किचन से चाकू निकाला और उसके पेट, छाती तथा कोहनी पर कई वार कर दिए। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद भाई नन्नू जब हीना को बचाने आगे आया, तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हीना को तुरंत अंबाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्राइम टीम ने घटनास्थल साक्ष्य जुटाए और अब आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Also Read: बागपत में एक्सप्रेसवे पर कैंटर की टक्कर से पलटा पिकअप, 12 श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल

Join Channel