Pre-Winter Care Tips for Kids: सर्दियों की शुरुआत में ऐसे रखें बच्चों का ख्याल, फॉलो करें ये 5 आसान और असरदार पैरेंटिंग टिप्स
ठंड का मौसम शुरू होते ही बच्चों की सेहत को लेकर माता-पिता की चिंता बढ़ जाती है। ऐसे में ठंड शुरू होने से पहले ही घर में बच्चों के काम आने वाली कुछ जरूरी चीजें रख लेना जरूरी होता है। इससे मौसम बदलने पर बच्चे की देखभाल करना आसान हो जाता है। सर्दियों की शुरुआत का मौसम अपने साथ सुहावना मिजाज लेकर आता है, लेकिन इस बदलते मौसम में बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम की ठंडक के कारण बच्चों को सर्दी, खांसी और वायरल बुखार जल्दी जकड़ लेता है। इस मौसम में थोड़ी सी सावधानी बरतकर बच्चों को सेहतमंद रखा जा सकता है।
सर्दियों से पहले बच्चों की देखभाल के टिप्स

1. कपड़ों की परतें अपनाएं
मौसम की शुरुआत में अचानक बहुत भारी ऊनी कपड़े पहनाने के बजाय आप पतले कपड़ों की परतें पहनाना ज्यादा सही रहता है। सुबह और शाम के समय बच्चों को पूरी आस्तीन के सूती या हल्के गर्म कपड़े पहनाएं। दोपहर में धूप निकलने पर एक-दो कपड़े उतार सकते हैं, जिससे बच्चे को पसीना न आए। कान, सिर और पैरों को ढंकने के लिए हल्की सूती टोपी और मोज़े का इस्तेमाल करें, क्योंकि ठंड सबसे पहले इन्हीं हिस्सों से लगती है।
2. खान-पान पर दें ध्यान
बदलते मौसम में बच्चों की इम्युनिटी को मजबूत बनाना बहुत जरूरी होता है। मौसमी फल जैसे संतरा, अमरूद, सेब और हरी सब्जियों को खाने में शामिल करें। बच्चों को ठंडा पानी या फ्रिज की चीजें देने से बचें और उन्हें हल्का गुनगुना पानी पिलाएं। रात को सोने से पहले बच्चों को दूध में चुटकी भर हल्दी या खजूर उबालकर देना शरीर के लिए फायदेमंद होता है।
3. त्वचा की देखभाल
जैसे-जैसे हवा में नमी कम होती है, बच्चों की स्किन रूखी और खिंची-खिंची होने लगती है। नहाने के तुरंत बाद बच्चों के शरीर पर अच्छी कंपनी का बेबी मॉइस्चराइजर या नारियल तेल लगाएं। नहाने के लिए बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे त्वचा की नेचुरल नमी खत्म हो जाती है। हल्का गुनगुना पानी ही इस्तेमाल करें। होठों को फटने से बचाने के लिए लिप बाम या घर की मलाई का इस्तेमाल करें।

4. धूप और मालिश करें
सर्दियों की शुरुआत में धूप और मालिश बच्चों के विकास के लिए बहुत जरूरी होती है। सुबह की हल्की धूप में बच्चों को 15 से 20 मिनट जरूर बैठाएं। इससे शरीर को नेचुरल तरह से विटामिन डी मिलता है। मालिश के लिए गुनगुने जैतून के तेल या सरसों के तेल का इस्तेमाल करें। इससे बच्चों की मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत होती हैं।
5. सफाई और मौसमी बीमारियों से बचें
संक्रमण को दूर रखने के लिए सफाई का ध्यान रखें। बाहर से खेलकर आने के बाद बच्चों के हाथ और मुंह गुनगुने पानी व साबुन से अच्छी तरह धुलवाएं। अगर बच्चे को सर्दी या जुकाम के लक्षण दिखें, तो उसे भाप दिलाएं और आराम करने दें। अपने डॉक्टर्स से सलाह लेकर जरूरी फ्लू का टीका समय पर लगवाएं।

Join Channel