हिमाचल प्रदेश : मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रतिभा, सुक्खू और अग्निहोत्री शामिल, कौन बनेगा अगला CM ?
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विजयी होने के साथ ही पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे बतायी जा रही हैं। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री भी इस दौड़ में शामिल बताये जा रहे हैं।
11:24 AM Dec 09, 2022 IST | Desk Team
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विजयी होने के साथ ही पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे बतायी जा रही हैं। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री भी इस दौड़ में शामिल बताये जा रहे हैं।
Advertisement
कांग्रेस के लिए एक ऐसे नेता का मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में चुनाव करना चुनौतीपूर्ण है, जो पार्टी को आगे ले जाते हुए उसे एकजुट रख सके। कांग्रेस ने शुक्रवार को यहां अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है और बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता चुनने के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव पारित होने की संभावना है।
प्रतिभा सिंह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की विरासत
वैसे तो प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा और वह विधायक भी नहीं हैं, लेकिन उन्होंने राज्य भर में पार्टी के लिए व्यापक चुनाव प्रचार किया। वह फिलहाल मंडी से सांसद हैं। वह निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी से लोकसभा उपचुनाव जीती थीं।
प्रतिभा सिंह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की विरासत भी है, जिन्होंने चार दशक से अधिक समय तक प्रदेश में कांग्रेस की कमान संभाली थी। पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि प्रतिभा सिंह को ज्यादातर विधायकों का समर्थन प्राप्त है, जो वीरभद्र सिंह के प्रति निष्ठावान रहे हैं। वीरभद्र सिंह लंबे समय तक इस पहाड़ी राज्य में कांग्रेस के निर्विवाद नेता रहे थे। प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य भी शिमला ग्रामीण से विधायक निर्वाचित हुए हैं और वह भी मुख्यमंत्री पद के लिए आशावान हैं। हालांकि, कई लोग उन्हें इस शीर्ष पद के लिए बहुत कम उम्र का मानते हैं।
भाजपा के ‘कुशासन’ को लोगों के सामने रखा
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नदौन से विधायक सुक्खू और हरोली के विधायक अग्निहोत्री भी शामिल हैं। दोनों को उम्मीद है कि पार्टी आलाकमान क्रमश: प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में उनके काम को ध्यान में जरूर रखेगा।
अग्निहोत्री ने दावा किया कि विधायक दल के नेता के रूप में पिछले पांच साल में उन्होंने विधानसभा में प्रमुखता से पार्टी का रुख रखा तथा सरकार के फैसलों का विरोध किया एवं भाजपा के ‘कुशासन’ को लोगों के सामने रखा। अग्निहोत्री ब्राह्मण नेता हैं, जबकि सुक्खू राज्य में प्रभावशाली ठाकुर समुदाय से हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ भी मुख्यमंत्री पद के लिए आशावन हैं । वह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने पिछले कुछ सालों से गुटबाजी से जूझ रही पार्टी को एकजुट किया। वह बहुकोणीय मुकाबले में ठियोग सीट से चुनाव जीते।
Advertisement