For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

ग्रेटर नोएडा टोल पर गुंडागर्दी, महिला कर्मी से अभद्रता का वीडियो वायरल

महिला कर्मी से अभद्रता, टोल पर बढ़ती गुंडागर्दी…

03:15 AM Jun 04, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat

महिला कर्मी से अभद्रता, टोल पर बढ़ती गुंडागर्दी…

ग्रेटर नोएडा टोल पर गुंडागर्दी  महिला कर्मी से अभद्रता का वीडियो वायरल

ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगई की घटना में महिला कर्मी से अभद्रता का वीडियो वायरल हो गया। कुछ लोगों ने खुद को किसान यूनियन का बताकर टोल टैक्स दिए बिना गाड़ियां निकालने की कोशिश की और विरोध करने पर महिला कर्मी से बदसलूकी की। टोल प्रशासन ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर टोल प्लाजा पर दबंगई का मामला सामने आया है। दादरी थाना क्षेत्र स्थित एनएच-91 के लुहारली टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर एक बड़े हंगामे की खबर सामने आई है। यहां टोल टैक्स मांगने पर कुछ लोगों ने टोल कर्मियों के साथ बदसलूकी की, जिसमें महिला टोल कर्मी के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने खुद को किसान यूनियन से जुड़ा हुआ बताया और टोल टैक्स दिए बिना जबरन गाड़ियां निकालने लगे। जब टोल कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने गुंडागर्दी पर उतरते हुए महिला टोल कर्मी को धक्का देकर हटाया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।

आरोप यह भी है कि महिला टोल कर्मी के प्राइवेट पार्ट्स को छूने की कोशिश की गई। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। टोल प्रशासन ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व किसान यूनियन की आड़ में व्यावसायिक वाहनों को जबरन टोल प्लाजा से बिना शुल्क दिए निकाल रहे थे। इस दौरान विरोध करने पर टोल स्टाफ को धमकाया गया। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि अमित भाटी नामक व्यक्ति, जिस पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, अपने साथियों के साथ टोल पर पहुंचा और खुलेआम गुंडागर्दी की।

टोल कर्मियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं लुहारली टोल प्लाजा पर लगातार हो रही हैं, जिससे न केवल कर्मचारियों में भय का माहौल है बल्कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को राजस्व की भारी हानि हो रही है। यदि समय रहते इन घटनाओं पर काबू नहीं पाया गया, तो ये तत्व किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। टोल प्रशासन का आरोप है कि लोकल ट्रांसपोर्टर अपने ड्राइवरों और कर्मचारियों को किसान यूनियन का भेष देकर टोल फ्री कराने की साजिश रच रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान बाबा हीरा नाथ ट्रांसपोर्टर के मालिक रोहित शर्मा के रूप में की गई है, जो महिला कर्मचारी से अभद्रता करता दिख रहा है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। टोल प्रबंधन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और टोल कर्मियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Rahul Kumar Rawat

View all posts

Advertisement
×