Aaj Ka Mausam 17 June 2026: देशभर में तेज होगा मानसून, अगले 24 घंटे में भारी बारिश के आसार; दिल्ली-UP-हरियाणा समेत 21 राज्यों में अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों, खासकर उत्तर भारत के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार समेत 21 राज्यों में आज भारी बारिश, गरज-चमक, तेज आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 जून को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां भी तेज रहने की संभावना है।
Delhi Rain Alert: दिल्ली का मौसम
IMD ने कहा है कि आज दिल्ली और आस-पास के इलाकों में तेज़ हवाओं और तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
Bihar Weather: बिहार का मौसम

मौसम विभाग ने बिहार के 26 ज़िलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज तूफान , आंधी-तूफान और भारी बारिश की आशंका है। 20 जून तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Uttar Pradesh Weather: यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर एक बार फिर बढ़ रहा है। तेज़ धूप और ज़्यादा उमस की वजह से लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। राज्य के ज़्यादातर ज़िलों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हुई, लेकिन ज़्यादातर ज़िलों में लू जैसे हालात बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने और तेज़ धूप खिलने की उम्मीद है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का कहर

इस बीच, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। IMD के अनुसार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से भूस्खलन, मलबा गिरने और सड़कें बंद होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है; कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। ऊंचे इलाकों में बढ़ते खतरे को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अगले 24 घंटे कई राज्यों में बारिश की संभावना
पिछले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ-साथ गरज-चमक और बारिश भी दर्ज की गई। स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटों में पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Join Channel