W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

अहमदाबाद रथ यात्रा: हर्ष संघवी ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की, एआई और स्मार्ट ट्रैकिंग तकनीक का होगा इस्तेमाल

11:47 PM Jul 08, 2026 IST | News Desk
अहमदाबाद रथ यात्रा  हर्ष संघवी ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की  एआई और स्मार्ट ट्रैकिंग तकनीक का होगा इस्तेमाल
Advertisement

अहमदाबाद, 8 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के उपमुख्यमंत्री एवं गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने आगामी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएं।

Advertisement

आषाढ़ी बीज के अवसर पर आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथ यात्रा को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य पुलिस प्रमुख जीएस मलिक, अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, नगर निगम और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने रथ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पूरे शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए।

हर्ष संघवी ने रथ यात्रा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सुचारु यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों के निरीक्षण, स्थानीय समुदाय और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और मानव संसाधन के बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और रथ यात्रा आस्था एवं उत्साह के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो।

इस वर्ष रथ यात्रा की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कई नई तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

इसके अलावा, रथ यात्रा में शामिल ट्रकों और अखाड़ों के संचालकों के आधार-आधारित सत्यापन के लिए ‘प्रतिरक्षा’ एप्लीकेशन का उपयोग किया जाएगा।

सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और निगरानी के लिए सॉफ्टवेयर आधारित एआई फेस रिकग्निशन सिस्टम का इस्तेमाल करेंगी। वहीं, हवाई सुरक्षा के लिए एंटी-ड्रोन गन और जैमर टीमों की तैनाती की जाएगी।

पूरे रथ यात्रा मार्ग पर हजारों सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क के माध्यम से लाइव निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, राज्य पुलिस प्रमुख जी.एस. मलिक, अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, अहमदाबाद नगर आयुक्त बंछानिधि पानी, जिला कलेक्टर भव्य वर्मा सहित पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने रथ यात्रा सुरक्षा के लिए तैयार किए गए विस्तृत एक्शन प्लान की जानकारी दी और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर चर्चा की। प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष की रथ यात्रा को पूरी सुरक्षा, शांति और श्रद्धा के साथ संपन्न कराना है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Advertisement
Author Image

Advertisement
Advertisement
×