W3Schools
Advertisement

एडीजी ने चारधाम यात्रा सुरक्षा का लिया जायजा, गंगोत्री से गौमुख ट्रैक तक किया निरीक्षण

11:21 PM Oct 06, 2026 IST | IANS Agency
एडीजी ने चारधाम यात्रा सुरक्षा का लिया जायजा  गंगोत्री से गौमुख ट्रैक तक किया निरीक्षण
Advertisement

उत्तरकाशी, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। चारधाम यात्रा और गौमुख ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री धाम से लेकर गौमुख ट्रैक तक का स्थलीय निरीक्षण कर पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Advertisement

उन्होंने यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर निगरानी प्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी का भौतिक निरीक्षण कर अभिलेखों और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। उन्होंने धाम में तैनात पुलिस, फायर एवं एसडीआरएफ कर्मियों को श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही भागीरथी नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

उन्होंने धाम क्षेत्र और पार्किंग स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। एडीजी ने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी।

इसके बाद उन्होंने गौमुख ट्रैक स्थित भोजवासा पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। यहां दुर्गम और विषम परिस्थितियों में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध आवास, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

एडीजी ने निर्देश दिए कि गौमुख ट्रैक पर आने वाले प्रत्येक ट्रैकर, पर्यटक और तीर्थयात्री का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए तथा उनके आवागमन की नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि गंगोत्री धाम और गौमुख जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर पुलिस व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिस कर्मी पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर, प्रभारी चौकी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, एसडीआरएफ के वीरेन्द्र पंवार सहित पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Advertisement
Author Image

IANS Agency

View all posts

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.

Advertisement
Advertisement
×