JEE Advanced 2026 Result: बिहार के शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर, हासिल की AIR-1, देखें Toppers List
JEE Advanced 2026 Toppers list 2026: देश में JEE Advanced 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इस साल बिहार के गया जिले के रहने वाले शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुभम कुमार ने केवल JEE Advanced 2026 में (Topper Shubham Kumar JEE Advanced) ही नहीं, बल्कि इससे पहले JEE Main 2026 में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने जनवरी और अप्रैल दोनों सत्रों में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया था। बिहार से वह ऐसे एकमात्र छात्र रहे जिन्होंने दोनों सत्रों में यह उपलब्धि अपने नाम की। जेईई एडवांस्ड में शीर्ष स्थान प्राप्त करके शुभम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के बल पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
JEE Advanced 2026 Toppers list 2026: शुरुआती पढ़ाई से ही रहे मेधावी छात्र

शुभम की प्रारंभिक शिक्षा गया स्थित नाजरथ अकैडमी में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने 10वीं कक्षा तक किसी भी कोचिंग या ट्यूशन की मदद नहीं ली। पांचवीं कक्षा तक उनकी मां ने पढ़ाई में उनका मार्गदर्शन किया, जबकि इसके बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई खुद की मेहनत और अनुशासन के दम पर जारी रखी। उन्होंने 12वीं की पढ़ाई ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल से पूरी की। पढ़ाई के प्रति उनकी गंभीरता और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
रोजाना 8 घंटे की सेल्फ स्टडी बनी सफलता की कुंजी

शुभम का सपना आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना है। अपनी तैयारी के दौरान वह कोचिंग के अलावा प्रतिदिन लगभग 8 घंटे स्व-अध्ययन करते थे। नियमित अभ्यास, समय का सही प्रबंधन और लगातार मेहनत उनकी सफलता के प्रमुख कारण रहे। प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए शुभम पिछले दो वर्षों से राजस्थान के कोटा शहर में रह रहे थे।
उन्होंने 11वीं कक्षा में ऑनलाइन कोचिंग से तैयारी शुरू की थी। बाद में स्कॉलरशिप मिलने के बाद उन्होंने कोटा में ऑफलाइन कोचिंग जॉइन की। कोटा के शैक्षणिक माहौल और निरंतर अभ्यास ने उनकी तैयारी को और मजबूत बनाया, जिसका परिणाम उन्हें जेईई एडवांस्ड 2026 में देश का टॉपर बनकर मिला।
JEE Advanced 2026 Topper Shubham Kumar: छात्रों के लिए प्रेरणा बने शुभम
शुभम कुमार की सफलता उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है जो आईआईटी में प्रवेश का सपना देखते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में शीर्ष स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया।
JEE Advanced 2026: विभिन्न श्रेणियों के टॉप रैंक होल्डर
| रैंक | नाम | ज़ोन | श्रेणी | कैटेगरी रैंक |
|---|---|---|---|---|
| 1 | शुभम कुमार | आईआईटी दिल्ली | सामान्य-ईडब्ल्यूएस | 1 |
| 1 | बी. जयकृष्णा श्रीनिवास | आईआईटी बॉम्बे | ओबीसी-एनसीएल | 1 |
| 1 | जतिन चाहर | आईआईटी दिल्ली | एससी | 1 |
| 1 | कोविड | आईआईटी बॉम्बे | एसटी | 1 |
| 1 | जतिन कुमार | आईआईटी दिल्ली | सीआरएल-पीडब्ल्यूडी | 1 |
| 1 | अर्श जैन | आईआईटी कानपुर | सामान्य-ईडब्ल्यूएस-पीडब्ल्यूडी | 1 |
| 1 | पारवा पवन अग्रवाल | आईआईटी दिल्ली | ओबीसी-एनसीएल-पीडब्ल्यूडी | 1 |
| 1 | ननाला नागा चैतन्य | आईआईटी मद्रास | एससी-पीडब्ल्यूडी | 1 |
| 1 | नवतेज | आईआईटी रुड़की | एसटी-पीडब्ल्यूडी | 1 |
| 1 | आंचल पुरी | आईआईटी कानपुर | महिला टॉपर | 1 |
यह भी पढ़ें: AP EAMCET 2026 Results: आज जारी होगा रिजल्ट, इस आसान तरीके से देखें अपना रैंक कार्ड
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।
Join Channel