India WorldDelhi NCR Uttar PradeshHaryanaRajasthanPunjabJammu & Kashmir Bihar Other States
Sports | Other GamesCricket
Horoscope Bollywood Kesari Social World CupGadgetsHealth & Lifestyle
Advertisement

Jharkhand: साहिबगंज में भारी बारिश से बिगड़े हालात, 50 से ज्यादा गांवों तक पहुंचा गंगा का पानी

04:48 AM Sep 27, 2024 IST
Advertisement

Jharkhand: झारखंड के साहिबगंज जिले में भारी बारिश का कहर जारी है। लगातार बारिश से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। राजमहल, उधवा, बड़हरवा और तालझारी प्रखंड के 50 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घुस आया है और दो हजार से भी ज्यादा लोग घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। हजारों लोगों ने घरों की छतों या आसपास के इलाकों और शिविरों में शरण ले रखी है।

Highlights

पानी में डूबने से दो लोगों की मौत

बाढ़ के पानी की वजह से अब तक दो लोगों की मौत हुई है। इनमें मखमलपुर दक्षिण पंचायत अंतर्गत मुसहरी टोला निवासी 50 वर्षीय कारू चौधरी और पासवान टोला की 4 वर्षीय बच्ची शामिल है। एक अनुमान के मुताबिक, साहिबगंज शहरी और दियारा क्षेत्रों में 30 हजार से भी ज्यादा की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। साहिबगंज के डीसी हेमंत सती ने बताया है कि गुरुवार को गंगा नदी का जलस्तर 28.27 मीटर मापा गया है, जो खतरे के निशान से ऊपर है। अगले 7 दिनों में यह 0.03 मीटर तक और बढ़ सकता है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने, नदी के पास न जाए और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि

प्रशासन ने बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत कैंप शुरू किए हैं। जिला मुख्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम की ओर से पांच नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर किसी भी समय आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है। प्रत्येक प्रभावित पंचायत में लगाए गए शिविरों में भोजन की व्यवस्था की गई है। साहिबगंज नगर परिषद क्षेत्र के लगभग आठ वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि रसूलपुर दहला, भारतीय कॉलोनी, दहिया टोला, हबीबपुर बायसी स्थान के निकट कबूतर खोपी, चानन एवं सकारुगढ में बाढ़ का पानी घुस आया है। साहिबगंज अंचल की सभी 11 पंचायतें भी बाढ़ से प्रभावित हैं। पानी में फंसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

बचाव अभियान जारी

शहर के शकुंतला सहाय घाट में जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए शिविर में लोगों के रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। जिले के चार प्रखंडों के 24 विद्यालयों में बाढ़ का पानी घुस आया है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। राजमहल के भाजपा विधायक अनंत ओझा ने भी अपने स्तर से बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण शुरू किया है। गुरुवार को वह उधवा प्रखंड के श्रीधर दियारा की विभिन्न कॉलोनियों में जाकर बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिले और उनके बीच राहत सामग्री का वितरण किया।

 

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Advertisement
Next Article