W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

पीएम कुसुम योजना बदल रही गुजरात के किसानों की किस्मत

08:42 PM Jul 19, 2026 IST | News Desk
पीएम कुसुम योजना बदल रही गुजरात के किसानों की किस्मत
Advertisement

तापी, 19 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के लाखों किसानों के जीवन में केंद्र सरकार की पीएम कुसुम योजना नया सवेरा लेकर आई है। गुजरात के दूरदराज और आदिवासी इलाकों के किसान अब खेती के लिए सिर्फ मानसून पर निर्भर नहीं हैं। सौर ऊर्जा से संचालित सोलर पंपों ने उनकी सिंचाई के लिए पानी की समस्या को दूर कर दिया है। यह संभव हुआ है केंद्र सरकार की ‘पीएम कुसुम योजना’ की वजह से।

Advertisement

आदिवासी बहुल डांग जिले के उमरपाड़ा गांव के किसान भरतभाई वाघमारे को भी इस योजना का लाभ मिला है। वे अब अपने खेत में लगे सोलर पंप से सूर्योदय से सूर्यास्त तक लगातार सिंचाई करते हैं और हर मौसम में फसल उगाते हैं।

Advertisement

डांग के लाभार्थी किसान भरतभाई वाघमारे ने कहा कि हमें पीएम कुसुम योजना का लाभ मिला है। सरकार ने यह सहायता दी है। हम धान, तुअर, उड़द और बैंगन, चौली जैसी सब्जियां भी उगा रहे हैं।

तापी के गवान गांव के किसान गवजीभाई वसावा के खेतों में भी पीएम कुसुम योजना खुशहाली लेकर आई है। गवजीभाई वसावा के बेटे राजेशभाई वसावा बताते हैं कि वे अब सोलर पंप की मदद से पूरे साल में तीन फसल उगाते हैं। उन्हें अब न तो सिंचाई के लिए रात में जागना पड़ता है और न ही बिजली के बिल की कोई चिंता रहती है।

तापी के लाभार्थी किसान राजेशभाई गवजीभाई वसावा ने कहा कि हमने खेत में सोलर पंप लगाया है, जिससे हमें ज्यादा पानी मिलता है और हम साल में लगातार तीन फसलें उगा रहे हैं। बिजली और डीजल के खर्च की कोई चिंता नहीं है।

पीएम कुसुम योजना के तहत किसानों को सोलर पंप और सोलर प्लांट लगाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार ने अतिरिक्त सब्सिडी का प्रावधान किया है। आदिवासी और जंगल वाले इलाकों के किसानों को केंद्र की तरफ से 30 प्रतिशत सब्सिडी के अलावा राज्य सरकार की ओर से 70 फीसदी सब्सिडी दी जा रही है। इस योजना से न केवल खेती पर निर्भर किसानों की आमदनी बढ़ी है बल्कि उनका जीवन भी आसान हुआ है।

गुजरात के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल्स मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि पीएम कुसुम योजना के माध्यम से किसान दूरदराज की सभी जगहों पर, चाहे उनके पास कितनी भी खेती की जमीन हो, उस पर फसल उगा सकते हैं और कुदरत की मेहरबानी, सूरज की रोशनी और उससे मिलने वाली बिजली से अपने घर की आय बढ़ा सकते हैं।

गुजरात में पीएम कुसुम योजना के कंपोनेंट-सी के तहत 695 मेगावाट क्षमता वाले 256 सोलर पावर प्लांट चालू किए गए हैं, जिससे लगभग 2.97 लाख पंप सोलराइज हुए हैं। इस कंपोनेंट के तहत अब तक 22,787 सोलर पंप शुरू किए जा चुके हैं। आज गुजरात के आदिवासी इलाकों में सोलर पंप सिर्फ एक टेक्नोलॉजी नहीं हैं बल्कि ज्यादा फसल, ज्यादा आय और खुशहाल जीवन का जरिया बन गए हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Advertisement
Author Image

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.

Advertisement
Advertisement
×