W3Schools
Advertisement

उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना यूपी, नारी शक्ति बनी विकास की धुरी: मुख्यमंत्री योगी

11:16 AM Oct 11, 2026 IST | IANS Agency
उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना यूपी  नारी शक्ति बनी विकास की धुरी  मुख्यमंत्री योगी
Advertisement

लखनऊ, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में आए बदलाव को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के स्वास्थ्य से लेकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य तक डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाएं नारी सशक्तीकरण को नित्य नई मजबूती प्रदान कर रही है।

Advertisement

Advertisement

मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाने के साथ ही नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा प्रदान की है। वर्ष 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना भी चुनौती थी, आज वही बेटियां नाइट शिफ्ट में काम करते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान कर रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व आज नारी शक्ति कर रही है। वहीं, महिला कार्यबल भागीदारी दर 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है। यह महिलाओं के बढ़ते विश्वास और उनके लिए उपलब्ध अवसरों के विस्तार का स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के स्वास्थ्य से लेकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य तक डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाएं नारी सशक्तीकरण को निरंतर मजबूती प्रदान कर रही हैं। 'प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना' और 'पोषण अभियान' से माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण को संबल मिला है। 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' और 'सुकन्या समृद्धि योजना' बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलें महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में भारतीय संस्कृति के आदर्श 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः' का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी भावना को आत्मसात कर प्रदेश की डबल इंजन सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 'सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश' के माध्यम से 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार निरंतर अग्रसर है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीसीएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Advertisement
Author Image

IANS Agency

View all posts

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.

Advertisement
Advertisement
×