SCO की बैठक में चीन की महत्वाकांक्षी BRI परियोजना का समर्थन करने से भारत ने किया इनकार
भारत ने चीन की महत्वाकांक्षी बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव परियोजना का समर्थन करने से मंगलवार को एक बार फिर से इनकार कर दिया। साथ ही, उसने कहा कि संपर्क परियोजनाओं को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों की ‘‘संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता’’ का सम्मान करना चाहिए।
10:42 PM Nov 01, 2022 IST | Shera Rajput
भारत ने चीन की महत्वाकांक्षी ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ परियोजना का समर्थन करने से मंगलवार को एक बार फिर से इनकार कर दिया। साथ ही, उसने कहा कि संपर्क परियोजनाओं को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों की ‘‘संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता’’ का सम्मान करना चाहिए।
Advertisement
चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग की अध्यक्षता में एससीओ सदस्य देशों के शासनाध्यक्ष परिषद की 21 वीं बैठक के अंत में जारी किये गये एक संयुक्त बयान में भारत का नाम संगठन के उन सदस्य देशों में नहीं है, जिन्होंने बीआरआई का समर्थन किया है। बैठक का आयोजन वीडियो लिंक के माध्यम से किया गया।
एससीओ की पिछली बैठकों की तरह भारत ने चीन की बीआरआई परियोजना का समर्थन नहीं किया।
बयान में कहा गया है, ‘‘कजाखस्तान, किर्गिज गणराज्य, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान ने चीन की बीआरआई के लिए अपना समर्थन दोहराते हुए यूरोशियाई आर्थिक संघ और बीआरआई को जोड़ने की कोशिशों सहित परियोजना के संयुक्त क्रियान्वयन के लिए जारी कार्य का जिक्र किया।’’
Advertisement
बैठक में शामिल हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुरूआत में एससीओ के सदस्य देशों से कहा कि संपर्क परियोजनाओं को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों की ‘‘संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता’’ का सम्मान करना चाहिए।
भारत बीआरआई पर आपत्ति जताता रहा है और 50 अरब डॉलर की इस परियोजना में तथाकथित चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) शामिल है। सीपीईसी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से होकर गुजरता है।
Advertisement