Top NewsIndiaWorld
Other States | Delhi NCRHaryanaUttar PradeshBiharRajasthanPunjabJammu & KashmirMadhya Pradeshuttarakhand
Business
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

क्या राहुल गांधी टार्गेट हैं?

03:24 AM Sep 26, 2024 IST | Shera Rajput

अक्तूबर 1984 के शुरू की बात है। हम वीरेंद्र जी के साथ प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनके कार्यालय में मिले थे। ब्लू स्टार के बाद उस वक्त पंजाब उबल रहा था। पिताजी ने इंदिराजी को सावधान करते हुआ कहा “आप टार्गेट हैं”। इस पर उनका जवाब था, “ हूं नहीं, पर बनाई जा रही हूं”। 31 अक्तूबर को उनकी बात सही साबित हो गई जब घर के अन्दर ही उनकी हत्या कर दी गई। आज जब कुछ लोग राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा की बात कर रहे हैं मेरे जहन में इंदिराजी की बात गूंज रही है। क्या अब राहुल गांधी को टार्गेट बनाया जा रहा है?
जब से राहुल गांधी अमेरिका से लौटे हैं उनके विरोधियों में उनको गालियां निकालने की होड़ सी लगी है। इस पर आपत्ति नहीं क्योंकि राजनीति में यह चलता है, चिन्ता तब होती है जब हिंसा उकसाई जाती है। राहुल गांधी को लेकर चिंता इसलिए भी है क्योंकि परिवार में पहले ही इंदिरा गांधी और राजीव गांधी शहीद हो चुके हैं। केन्द्रीय मंत्री और नए भाजपाई रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें ‘आतंकी नम्बर 1’ कहा है। उत्तर प्रदेश के मंत्री रघुराज सिंह ने बिट्टू की बात दोहरा दी है। शिवसेना के एक विधायक ने राहुल की जुबान काटने वाले को 11 लाख रुपए देने की घोषणा की है। भाजपा के एक सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि राहुल की जीभ ही नहीं काटनी चाहिए, उसे जला दिया जाना चाहिए। एक भाजपा नेता ने तो यहां तक कह दिया, “राहुल गांधी बाज आ जाएं नहीं तो आने वाले टाईम में तेरा भी वही हश्र होगा जो तेरी दादी का हुआ था”।
हैरानी की बात केवल यह ही नहीं कि धमकी दी गई बल्कि यह भी कि इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। हमारे देश मेंे कई राजनीतिक हत्या हो चुकी हैं पर हमने कोई सबक नहीं सीखा। 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की हत्या को देश और दुनिया आज तक नहीं भूल सकी। महात्मा गांधी की हत्या इसलिए हुई क्योंकि एक वर्ग में उनके ख़िलाफ़ नफरत फैला दी कि वह हिन्दू विरोधी हैं। दुख की बात है कि ऐसा प्रचार आज तक चल रहा है। जिन्हें दुनिया आजतक पूजती है की हमारे लोगों ने ही हत्या कर दी। जब इंसान नफरत में अंधा हो जाता है तो उसकी सोचने की शक्ति उसे छोड़ जाती है। सोशल मीडिया यह बीमारी बढ़ा रहा है। हमारे देश में बहुत लोग हैं जो समझते हैं कि उन्हें न्याय नहीं मिला या उनकी बात कोई नहीं सुनता। देश में बढ़ रही असमानता भी असंतोष पैदा कर रही है। जब यह असंतोष नफरत की सीमा पार कर जाता है तो इंसान बेसुध हो जाता है।
राजनीतिक वर्ग की यह जिम्मेवारी बनती है कि वह शब्दों पर नियंत्रण रखें ताकि कोई और हादसा न हो। हमारे देश का तापमान आजकल पहले ही बहुत ऊंचा है उस पर तेल डालने से वह भड़क सकता है। सभ्य संवाद की गुंजाइश कम होती जा रही है। 13 दिसम्बर 2001 को जब हमारी संसद पर हमला हुआ तो प्रधानमंत्री वाजपेयी और सोनिया गांधी ने फोन कर एक दूसरे का कुशल क्षेम पूछा। आज ऐसा भाईचारा ख़त्म हो चुका है। यह नहीं कि कांग्रेस और गांधी परिवार इस मामले में मासूम है। तेलंगाना के एक कांग्रेसी विधायक ने घोषणा की है कि जो बिट्टू का सर कलम कर लाएगा उसे वह एक एकड़ पुश्तैनी जमीन ईनाम में देगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को गिनाया है कि दस वर्षों में कांग्रेस के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को 110 गालियां दी हैं। सोनिया गांधी ने उन्हें “मौत का सौदागर” कहा था। फरवरी 2020 में राहुल गांधी ने खुद कहा था कि, “यह जो नरेन्द्र मोदी भाषण दे रहा है, छह महीने बाद वह घर से बाहर नहीं निकल सकेगा। हिन्दोस्तान के युवा इसको ऐसा डंडा मारेंगे...”। अगर यह हिंसा उकसाना नहीं तो और क्या है? यह अच्छी राहुल की 'मुहब्बत की दुकान’ है जो नफरत और हिंसा बेचती है? कांग्रेस के नेता सुबोध कांत सहाय कह चुके हैं कि “अगर मोदी हिटलर के रास्ते पर चलते हैं तो वह ही हश्र होगा जो हिटलर का हुआ था। “यह उस व्यक्ति के बारे कहा गया जो हर समय खतरे में हैं और देश का प्रधानमंत्री है। अर्थात् दोनों ही तरफ वह है जो लोगों को भड़का रहे हैं। इस प्रयास के विनाशक परिणाम निकल सकते हैं,जैसे पहले कई बार हो चुका है।
राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा विवादास्पद रही है। जब भी वह विदेश जाते हैं तो देश में लोकतंत्र खतरे में है की शिकायत करते हैं। एक बार तो विदेश में कह चुके हैं कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है। यह तो सही है कि हमारा लोकतंत्र परफेक्ट नहीं है पर यह खतरे में नहीं है। अगर वह खतरे में होता तो दोस्त, तुम प्रतिपक्ष के नेता न बनते ! न वह बंगला मिलता, न वह सिक्योरिटी मिलती और न ही वह रुतबा होता। लोगों ने भाजपा की 63 सीटें कम करवा दिया कि लोकतंत्र खतरे में नहीं है और साथ ही भाजपा नेतृत्व को सख्त संदेश भेज दिया कि वह अप्रसन्न हैं। इंदिरा गांधी के समय इमरजैंसी लगी और राजीव गांधी के समय प्रेस की आजादी को सीमित करने का असफल प्रयास किया गया। राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान भी उनकी टीम ने इंडिया टुडे के पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की की और उसका फोन छीन कर राहुल का इंटरव्यू डिलीट कर दिया। क्या यह अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा हो रही थी? अर्थात् लगभग सब सरकारें लोकतंत्र से छेड़खानी की दोषी हैं पर लोग भी साफ संदेश दे रहे हैं कि उन्हें संविधान से छेड़खानी बिल्कुल पसंद नहीं। यही कारण है कि सरकार का ‘वन नेशन वन पोल’ प्रयास सफल नहीं होगा क्योंकि यह संविधान की मूल भावना से छेड़खानी करता है।
राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा में उनका सबसे बेतुका बयान सिखों के बारे था। यह आभास मिलता है कि वह वहां समस्या खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं जहां समस्या है ही नहीं। उनका कहना था कि, “भारत में लड़ाई इस बात को लेकर है कि क्या सिखों को देश में पगड़ी डालने या कड़ा पहने की अनुमति होगी? क्या वह गुरुद्वारे जा सकेंगे?” क्या राहुल सचमुच समझते हैं कि देश में सिखों की धार्मिक आजादी को कोई खतरा है? सारे देश में एक भी ऐसा मामला नहीं है। सिखों की देश में वह इज्जत है जो किसी भी समुदाय की नहीं है। विदेश में बैठे खालिस्तानी तत्व जरूर छवि खराब कर रहे हैं। देश के अन्दर भी कुछ उग्रवादी तत्व हैं लेकिन वह मुख्यधारा नहीं है। कोलकाता से एक रिपोर्ट के अनुसार वहां महिलाएं उस टैक्सी में जाना पसंद करती हैं जो सरदार चला रहा होता है। एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह अगले वायुसेना अध्यक्ष बन रहे हैं। जहां ऐसा विश्वास और ऐसी इज्जत हो कोई कह सकता है कि सिखों की पगड़ी या कड़ा पहनने या गुरुद्वारे जाने की आजादी खतरे में है ?
राहुल गांधी के अनुचित बयान का दुष्परिणाम यह हुआ कि विदेश में बैठे खालिस्तानी तत्वों को कहने का मौका मिल गया कि हम तो पहले ही कहते थे कि सिख वहां खतरे में हैं इसलिए खालिस्तान चाहिए। खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने तत्काल राहुल गांधी की बात का समर्थन कर दिया। क्या राहुल चाहते हैं कि वह पन्नू जैसे के साथ खड़े दिखाई दें? पहले ही कनाडा की सरकार इन तत्वों को बढ़ावा दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा से ठीक पहले व्हाइट हाउस में अमेरिकी अधिकारियों ने कथित सिख मामलों को लेकर सिख उग्रवादियों के साथ बैठक की है। यह सामान्य नहीं है। अर्थात् कुछ विदेशी सरकारें भी मामला जीवित रखना चाहती हैं। पाकिस्तान के पत्रकार डा. कमर चीमा के शो में वह एक और पत्रकार साजिद तरार से राहुल गांधी के बयानों पर चर्चा कर रहे थे। दोनों ने सिखों के बारे राहुल की बात पर हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि, “सिख तो मुख्यधारा का हिस्सा हैं...राहुल को कोंसलिंग (सलाह) की जरूरत है। उनकी मदर को उन्हें समझाना चाहिए... वह मैच्योर नहीं लग रहे”।
ऐसी आलोचना राहुल गांधी ने खुद आमंत्रित की है। देश के अन्दर वह समझदार नजर आते हैं पर विदेश में जाकर उत्तेजित होकर बहक जाते हैं। उन्हें लोगों की समस्याओं पर केन्द्रित रहना चाहिए पर वह वैचारिक बहस में फंस जाते हैं। यह भी सवाल उठता है कि क्या विदेश में जाकर अपने गंदे कपड़े धोने चाहिए? बेहतर होगा कि इस मामले में आम सहमति बना ली जाए क्योंकि राहुल गांधी ही नहीं नरेन्द्र मोदी भी विदेश में देश की आलोचना कर चुके हैं।
राहुल गांधी को जब जब देश गम्भीरता से लेने लगता है तो वह कुछ ऐसा कर देते हैं या कह देते हैं कि संशय हो जाता है कि वह बड़ी जिम्मेवारी के लिए उपयुक्त भी है या नहीं? लेकिन इसके बावजूद उनके खिलाफ जो हिंसा प्रेरित की जा रही है वह निन्दनीय है। विश्व इतिहास राजनीतिक हिंसा की मिसालों से भरा हुआ है। अमेरिका के चार राष्ट्रपति गोलियों का निशाना बन चुके हैं लेकिन इसके बावजूद वहां राजनीतिक भाषा में हिंसा टपकती रहती है।
राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने समर्थकों से कहा है कि “डाेनल्ड ट्रम्प को हर हाल में रोकना है” और डाेनल्ड ट्रम्प का कहना है कि “अगर मैं जीतता नहीं तो खून की नदियां बह जाएंगी”। ऐसी ही शब्दावली का परिणाम हैं कि ट्रम्प पर दो हमले हो चुके हैं। हमें ऐसी शब्दावली और उसके दुष्परिणामों से बचना है। राजनीतिक मतभेद को दुश्मनी और नफरत तक खींच कर नहीं ले जाना। अगर हिंसा की भाषा आम हो गई तो
कोई भी टार्गेट बन सकता है। शायर ने सावधान किया है,
मेरे आशियां का तो गम न कर कि वह जलता है तो जला करे, लेकिन इन हवाओं को रोकिए ये सवाल चमन का है !

- चंद्रमोहन

Advertisement
Advertisement
Next Article