क्या खतरे में हैं टीम में विराट कोहली की जगह?
विराट कोहली साउथ अफ्रीका दौरे पर भी अपने शतकों के सूखे को ख़त्म नहीं कर पाए और अब उन्होंने कप्तानी भी छोड़ दी है तो ऐसे में उनपर ज्यादा नजरें होंगी।
08:54 PM Jan 25, 2022 IST | Desk Team
विराट कोहली साउथ अफ्रीका दौरे पर भी अपने शतकों के सूखे को ख़त्म नहीं कर पाए और अब उन्होंने कप्तानी भी छोड़ दी है तो ऐसे में उनपर ज्यादा नजरें होंगी। ये बात हम नहीं कह रहे ये बात तो इशारों ही इशारों में हरभजन सिंह ने कही है। हरभजन सिंह का तो यहां तक मानना है कि अब विराट कोहली को अपने प्रदर्शन पर काफी ज्यादा ध्यान होगा क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ तो प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह पर भी खतरा पैदा हो सकता है।
Advertisement
हरभजन सिंह ने एक यूट्यूब चैनल पर ये बात कही।उन्होंने कहा, ‘जब एक कप्तान सात साल बाद अपना पद छोड़ता है तो कई लोगों को हैरानी होती है, मुझे भी काफी हैरानी हुई। मैंने अंदाजा नहीं लगाया था कि ये फैसला इतनी जल्दी ले लिया जाएगा। खैर विराट कोहली जानते हैं कि उन्हें क्या करना है। जब आप कप्तान होते हैं तो चीजें आपके लिए अलग होती हैं। बतौर बल्लेबाज विराट कोहली पर अब दबाव होगा क्योंकि कप्तान को सेलेक्शन की चिंता नहीं होती।
हरभजन सिंह ने आगे कहा, बतौर कप्तान आप हमेशा सेलेक्ट होते हो लेकिन चाहे आप कितने बड़े खिलाड़ी हों सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर। जब आप प्रदर्शन नहीं करते तो सेलेक्शन का मुद्दा आपके जहन में रहता ही है। पिछले सात सालों में विराट कोहली को ये सब नहीं देखना पड़ा है लेकिन अब बतौर बल्लेबाज उन्हें इस बात का ध्यान रखना होगा।” आपको बता दें साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए हैं लेकिन कोहली जैसे खिलाड़ी से लोग शतक से कम की उम्मीद ही नहीं रखते।
Advertisement