जम्मू-कश्मीर में भीषण सड़क दुर्घटना, उधमपुर में अचानक बस पलटने से 16 की मौत, कई घायल
Jammu and Kashmir Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले के रामनगर क्षेत्र में एक गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई है। दरअसल खगोट इलाके के पास एक यात्री बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर पुलिस और राहत टीमों को भेजा गया। घायलों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और लगातार घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
Jammu and Kashmir Bus Accident: केंद्रीय मंत्री ने जताया दुख

इस हादसे पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ऊधमपुर के जिला उपायुक्त से बात की है और स्थिति का जायजा लिया है। मंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने संदेश में बताया कि यह बस रामनगर से ऊधमपुर की ओर जा रही थी, तभी कनोत गांव के पास दुर्घटना हो गई।
उन्होंने कहा कि सभी घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि वे लगातार स्थानीय प्रशासन और कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं ताकि राहत कार्यों में कोई कमी न रहे।
Udhampur Bus Accident: स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

हादसे के बाद क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि खराब सड़कें और लापरवाही ऐसे हादसों की बड़ी वजह हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों की हालत सुधारी जाए और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते जरूरी कदम उठाए जाते, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।

Join Channel