Jammu Railway Station Blast: 35 साल बाद फरार आतंकी गिरफ्तार, बिजनेसमैन बनकर रह रहा था आरोपी
Jammu Bomb Blast Terrorist Arrested: जम्मू रेलवे स्टेशन पर साल 1991 में हुए बम धमाके मामले में जम्मू रेलवे पुलिस (GRP) ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने करीब 35 साल से फरार चल रहे एक आरोपी अल्ताफ हुसैन शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लंबे समय तक अपनी पहचान छिपाकर कश्मीर घाटी में नॉर्मल लाइफ बिताई और बिजनेस भी करता रहा। यह मामला 2 अप्रैल 1991 को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुए बम धमाके से जुड़ा है। उस समय हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में दो पैरामिलिट्री जवान भी शामिल थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसके अलावा 18 लोग घायल हुए थे। धमाके के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस केस में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि, कुछ आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार हो गए थे।
TADA के तहत दर्ज था मामला
पुलिस के अनुसार, इस मामले में GRP जम्मू थाने में FIR नंबर 07/1991 दर्ज की गई थी। आरोपियों के खिलाफ उस समय लागू कानून के तहत हत्या, हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश और आतंकी गतिविधियों से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
मामले में TADA यानी ‘टेररिस्ट एंड डिसरप्टिव एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट’ की धाराएं भी लगाई गई थीं। जांच के दौरान एक आरोपी अमन उल्लाह खान को धमाके वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं, 3 अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। बाद में कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया था।
अल्ताफ हुसैन शेख गिरफ्तार, बिजनेसमैन बनकर रह रहा था आरोपी
जम्मू पुलिस ने अब इस मामले में वांटेड आरोपी अल्ताफ हुसैन शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह नजीर अहमद शेख का बेटा है और अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके के मरहामा का रहने वाला है। जांच एजेंसियों का कहना है कि धमाके के बाद अल्ताफ लंबे समय तक भूमिगत रहा। उसने अपनी पुरानी पहचान छिपा ली और कई वर्षों तक पुलिस की नजर से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कश्मीर घाटी में खुद को एक सामान्य और सफल कारोबारी के रूप में स्थापित कर लिया था। वह लंबे समय से वहां अपना व्यापार चला रहा था और सामान्य जिंदगी जी रहा था। पिछले करीब दो वर्षों से GRP जम्मू की टीम इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश को लेकर लगातार काम कर रही थी। पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड, आरोपी के घर के पते और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी की दोबारा जांच की। इसी दौरान अल्ताफ हुसैन के बारे में अहम सुराग मिले।
लगातार निगरानी के बाद हुई गिरफ्तारी
अधिकारियों केअनुसार, पुलिस टीम ने कई स्तरों पर जानकारी जुटाने के बाद आरोपी की पहचान की पुष्टि की। इसके बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और सही जानकारी मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की यह कार्रवाई करीब साढ़े 3 दशक पुराने मामले में अहम मानी जा रही है। लंबे समय से फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद अब जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा सकती हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी अल्ताफ हुसैन शेख को गुरुवार को TADA कोर्ट में पेश किया। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जम्मू पुलिस के लिए यह गिरफ्तारी इसलिए भी खास है क्योंकि आरोपी करीब 35 सालों तक कानून की पकड़ से बाहर रहा। इतने लंबे समय बाद उसकी गिरफ्तारी से पुराने आतंकी हमले की जांच में आगे की कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: कश्मीरी पंडितों को लश्कर की धमकी, 20 अगस्त तक छुट्टी पर भेजे गए कर्मचारी, घाटी में सुरक्षा कड़ी

Join Channel