J&K: Operation Ashdar में बड़ी कामयाबी, लश्कर का पाकिस्तानी आतंकी यासिर ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी
Operation Ashdar: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। इस बीच बडगाम जिले के अशदार गली और यूसमर्ग इलाके में चलाए गए 'ऑपरेशन अशदार' के दौरान लश्कर-ए-तैयबा का एक पाकिस्तानी आतंकी मारा गया है। उसकी पहचान यासिर के रूप में हुई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए इसकी जानकारी दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का पाकिस्तानी नागरिक यासिर था। पुलिस ने अपनी पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन अशदार के दौरान उसे ढेर किया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद इलाके में छिपे अन्य संदिग्ध आतंकियों की तलाश जारी है। यासिर को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं। बताया जा रहा है कि वह यूसमर्ग इलाके में लश्कर के एक प्रमुख कमांडर के तौर पर सक्रिय था और पिछले काफी समय से सुरक्षा बल उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
सुलेमान मूसा ग्रुप से था संबंध
पुलिस के अनुसार, यासिर पहले लश्कर-ए-तैयबा के सुलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा हुआ था। हालांकि, करीब एक साल पहले उसने इस ग्रुप से अलग होकर अपनी गतिविधियां शुरू कर दी थीं। इसके बाद वह इलाके में अलग तरीके से काम कर रहा था और सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। सुरक्षा बलों ने अशदार गली के दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में गुरुवार, 3 सितंबर को संयुक्त अभियान शुरू किया था।
इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की चिनार कोर, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और CRPF शामिल थीं। सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि आतंकियों का एक संदिग्ध समूह पीर पंजाल की ऊंची पहाड़ियों के रास्ते पखेरपोरा, पुलवामा से यूसमर्ग, बडगाम की तरफ बढ़ रहा है। इसके बाद जवानों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू किया।
चुनौती मिलने पर आतंकियों ने की फायरिंग
सुरक्षा बलों ने जब संदिग्ध आतंकियों को घेरा तो उनकी तरफ से गोलीबारी शुरू कर दी गई। इसके बाद इलाके में भीषण मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आतंकी यासिर मारा गया। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने मौके से एक AK सीरीज की असॉल्ट राइफल, मैगजीन, गोलियां और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। फिलहाल आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी दूसरे आतंकी के छिपे होने की संभावना को खत्म किया जा सके।
ऑपरेशन के बाद सुरक्षा को देखते हुए आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। यूसमर्ग और दूधपथरी आने-जाने वाले पर्यटकों के लिए भी सुरक्षा प्रतिबंध लगाए गए हैं। सुरक्षा बल पूरे इलाके की निगरानी कर रहे हैं।
आतंकियों के नेटवर्क की भी जांच
यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किसी बड़ी आतंकी साजिश या गतिविधि में शामिल था या नहीं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य इलाके में सक्रिय विदेशी आतंकियों का पता लगाना और उनके नेटवर्क को कमजोर करना है।
यह भी पढ़ें: 12 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर में खिली रहेगी धूप, सेलानियों की रहेगी मौज, शुक्रवार को हलकी बारिश की चेतावनी

Join Channel