12 दिन में 3 लाख श्रद्धालु ने किए दर्शन! श्री अमरनाथ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, LG मनोज सिन्हा ने लिया जायजा
Manoj Sinha Amarnath Yatra: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज यानी बुधवार को जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा से जुड़ी तैयारियों और सुविधाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों से बातचीत कर यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और सुविधाजनक बनाए रखने के निर्देश दिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निरीक्षण के दौरान उपराज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सुरक्षा बलों, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों से यात्रा प्रबंधन को लेकर अपडेट लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि हर श्रद्धालु के साथ मेहमान की तरह सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाना चाहिए।
12 दिनों में 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि श्री अमरनाथ यात्रा शुरू होने के केवल 12 दिनों के अंदर ही 3 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, यह प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा रजिस्ट्रेशन, रुकने की व्यवस्था, भोजन, हेल्थ सर्विस और अन्य जरूरी सुविधाएं पूरी तरह व्यवस्थित रहें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही उपराज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को जम्मू संभाग के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भी पूरा अपडेट दिया जाए। इसके लिए साइटसीइंग टूर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, श्रद्धालु जब अपने घर लौटें तो वे जम्मू की संस्कृति और कला की याद के रूप में यहां के हस्तनिर्मित उत्पाद भी अपने साथ लेकर जाएं। इससे स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।
सुरक्षा, भोजन और रजिस्ट्रेशन सिस्टम का लिया जायजा
इस दौरान एलजी ने कम्युनिटी किचन की व्यवस्था, भोजन की क्वालिटी, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती, ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन, ट्रांसपोर्ट सिस्टम और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि किसी भी स्थिति को आसानी से संभाला जा सके। साथ ही मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखने और मौसम में बदलाव होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाने को भी कहा।
वहीं बैठक के दौरान जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने यात्रा के दौरान धोखाधड़ी और अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ लिए गए एक्शन के बारे में भी अपडेट दिया। इस पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से की मुलाकात
अपने दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने श्री अमरनाथ यात्रा पर आए कई श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों का हालचाल जाना और उनकी यात्रा के सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन यात्रा को बेहतर बनाने के लिए हर स्तर पर लगातार काम कर रहा है, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें।
यह भी पढ़ें: Ramban Road Accident Highway: अमरनाथ यात्रियों से भरी दो बसें और कार टक्कर, 18 श्रद्धालु घायल

Join Channel