जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक भीम सिंह का निधन, जम्मू में ली अंतिम सांस
जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक और सीनियर लीडर भीम सिंह ने 80 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।
11:13 AM May 31, 2022 IST | Desk Team
जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक और सीनियर लीडर भीम सिंह ने 80 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। मंगलवार सुबह उन्होंने जम्मू के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक, भीम सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
Advertisement
जम्मू-कश्मीर के नेता सजाद लोन ने भीम सिंह की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, एक व्यक्ति जिसके कई रोल हैं। कालातीत, निस्वार्थ और एक धर्मयोद्धा। वह मेरे पिता के सहयोगी और मित्र थे। सहारा की मोटर साइकिल पर सवार होकर फिलिस्तीन से लेकर इराक तक भीम सिंह जी के दोस्त हर तरफ थे। एक जन्मजात साहसी। उनकी आत्मा को शांति मिले।
बीजेपी नेता देवेंदर सिंह राणा ने भी भीम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘प्रोफेसर भीम सिंह जी के निधन से हमने एक बड़े नेता को खो दिया है, जिसने हमेशा जम्मू-कश्मीर के हर वर्ग के लोगों की आवाज उठाई थी। वह एक फायरब्रांड नेता थे, जो रामनगर एक सुदूर गांव से आते थे और उन्होंने दुनिया भर में अपनी पहचान कामय की।’
कौन थे भीम सिंह?
भीम सिंह का अगस्त, 1941 को रामनगर में जन्म हुआ था और उन्होंने 1982 में जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी की स्थापना की थी। वह करीब 30 सालों तक अध्यक्ष के पद पर रहे थे और 2012 में अपने भतीजे हर्ष देव सिंह को कमान सौंप दी थी।
हालांकि बीते साल एक बार फिर से वह सक्रिय राजनीति में लौटे थे और उन्हें पैंथर्स पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। खासतौर पर जम्मू क्षेत्र के लोगों की आवाज उठाने के लिए पैंथर्स पार्टी को जाना जाता रहा है। भीम सिंह के परिवार में अब उनकी पत्नी और बेटी हैं।
Advertisement