For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

झारखंड: हजारीबाग में अमेरिकी राइफल के साथ पांच नक्सली गिरफ्तार

अमेरिकी हथियार के साथ पकड़े गए 5 नक्सली…

12:33 PM Jun 14, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat

अमेरिकी हथियार के साथ पकड़े गए 5 नक्सली…

झारखंड  हजारीबाग में अमेरिकी राइफल के साथ पांच नक्सली गिरफ्तार

झारखंड के हजारीबाग में पुलिस ने टीएसपीसी के मोस्ट वांटेड एरिया कमांडर अवधेश सिंह समेत पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अमेरिका निर्मित एआर 15एम-4 राइफल सहित कई हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से संभावित बड़ी नक्सली घटना को टाल दिया है।

झारखंड के हजारीबाग जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के मोस्ट वांटेड एरिया कमांडर प्रशांत उर्फ अवधेश सिंह समेत पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अमेरिका निर्मित एआर 15एम-4 अमेरिकन राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन्हीं नक्सलियों ने हाल में केरेडारी थाना क्षेत्र में एक खनन कंपनी की साइट पर हमला कर कई वाहनों में आग लगा दी थी। इनके खिलाफ जिले के कई थाना क्षेत्रों में हत्या, फायरिंग, रंगदारी वसूली, अपहरण और फिरौती वसूली के मामले भी दर्ज हैं।

अमेरिकी हथियार के साथ 5 नक्सली गिरफ्तार

हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि सदर एसडीपीओ को 12 जून की रात सूचना मिली थी कि टीएसपीसी के 7-8 उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही कार्रवाई के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इसने तकनीकी शाखा के सहयोग से सशस्त्र बलों के साथ केरेडारी के तरहेसा जंगल स्थित घाटगोसाई में छापेमारी की। इस दौरान अवधेश कुमार उर्फ प्रशांत के अलावा आदित्य गंझू, देवेन गंझू, धरम गंझू और रूपलाल गंझू को गिरफ्तार किया गया। इनके पास अमेरिका निर्मित एक राइफल के अलावा एक पिस्टल (7.62 मिमी), तीन देसी कट्टा, 28 जिंदा कारतूस, नौ मोबाइल, टीएसपीसी के दस पर्चे, एक पिठ्ठू बैग और एक मैगजीन पाउच बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार नक्सलियों से होगी पूछताछ

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन उग्रवादियों को विदेशी हथियार की सप्लाई किसने की। जरूरत पड़ने पर गिरफ्तार नक्सली सरगना को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सकती है। एसपी ने बताया कि बीते 1 जून को केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजीआर माइनिंग कंपनी के दो वाहनों में आग लगाने में गिरफ्तार नक्सलियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने इस कार्रवाई में बड़कागांव अनुमंडल क्षेत्र में संभावित बड़ी नक्सली घटना को समय रहते विफल कर दिया है। इन सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Rahul Kumar Rawat

View all posts

Advertisement
×