मां के प्रेमी की बेटे ने की हत्या, चलती बस से उतार जंगल में दफनाया शव, 1 महीने बाद सुलझी गुत्थी
Chatra Son Kills Mother Boyfriend : झारखंड के चतरा जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि एक शख्स ने अपनी मां के प्रेमी को कथित तौर पर मौत के घाट उतार दिया है. यहां तक कि आरोपी ने मारने के बाद शव को भी दफना दिया. बताया जा रहा है कि मामला लावालांग पुलिस थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव का है.
जानकारी के अनुसार आरोपी ने इस हत्या को 1 महीने पहले अंजाम दिया था. वह अपनी मां के प्रेम संबंध से नाराज चल रहा था. इस चलते उसने अपनी मां के प्रेमी को निपटाने के लिए अपने 3 दोस्तों से मदद ली. यह मामला तब खुला जब मृतक के पिता ने अपने बेटे के अपहरण की पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. इस पर जब पुलिस ने जांच की तो सब सामने आ गया.
कैसे चली छानबीन

पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया कि जांच पड़ताल करते हुए उनका शक राकेश मुंडा पर गया. जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने हत्या की वजह का खुलासा किया. पुलिस के पूछने पर आरोपी ने बताया कि उसकी मां और गुड्डू मुंडा (मृतक) के बीच कथित प्रेम संबंध थे, जिसे लेकर वह नाराज था, इस चलते उसने इस हत्या को अंजाम दिया. इस घटना के बाद मृतक के पिता की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद 15 मई को इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया था.
पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि उन्होंने मृतक प्रेमी का शव जंगल से बरामद कर लिया है जो कि गड्ढे के अन्दर पाया गया. पुलिस ने जानकारी दी कि ‘मुख्य आरोपी राकेश मुंडा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर माधनिया घाटी में चलती बस से गुड्डू मुंडा को जबरन खींच लिया था. वे चारों इस हत्या को अंजाम देने के लिए पहले से ही घात लगाए बैठे थे. इसके बाद उसके साथ मारपीट की और जंगल के अंदर ले जाकर उसकी हत्या कर दी. आरोपियों ने सबूतों को मिटाने के लिए 30 मार्च को शव को दफना भी दिया.’
आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच में जुटे एसडीपीओ (सिमरिया) नगरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया, इस कथित हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी महेश गंझू की गिरफ्तारी किया गया है. महेश ने ही पूछताछ के दौरान शव को दफनाने और उसकी लोकेशन की जानकारी दी. पुलिस ने शव को जंगल से बरामद कर लिया.
इस घटना के आरोपियों की पहचान महेश, नितेश कुमार और कमलेश कुमार के रूप में हुई है. तीनों को ही छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. तीनों आरोपी एक ही जिले चतरा के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं.

Join Channel