W3Schools
Advertisement

Deoghar ATM Robbery: गैस कटर से काटा, 500 मीटर तक घसीटा! देवघर में ATM ही उखाड़ ले गए चोर

Deoghar ATM Robbery: झारखंड के देवघर में चोरों ने SBI का पूरा ATM ही उखाड़ लिया। गैस कटर से शटर काटने के बाद करीब सात बदमाश मशीन को 500 मीटर तक घसीटकर ले गए और फिर चारपहिया वाहन में लादकर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी है।
06:03 PM Oct 06, 2026 IST | Amit Kumar
Deoghar ATM Robbery: झारखंड के देवघर में चोरों ने SBI का पूरा ATM ही उखाड़ लिया। गैस कटर से शटर काटने के बाद करीब सात बदमाश मशीन को 500 मीटर तक घसीटकर ले गए और फिर चारपहिया वाहन में लादकर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी है।
deoghar atm robbery  गैस कटर से काटा  500 मीटर तक घसीटा   देवघर में atm ही उखाड़ ले गए चोर
Deoghar ATM Robbery (credit social media )

Deoghar ATM Robbery: झारखंड के देवघर जिले में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नंदन पहाड़ मोहल्ले में सेवा धाम के पास लगे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को चोर उखाड़कर अपने साथ ले गए। यह घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, चोरों ने सबसे पहले एटीएम कक्ष के शटर को गैस कटर की मदद से काटा। इसके बाद वे अंदर दाखिल हुए और वहां लगी पूरी एटीएम मशीन को बाहर निकाल लिया।

Advertisement

चोरों ने मशीन को किसी गाड़ी  में सीधे लोड नहीं किया, बल्कि उसे कुछ दूरी तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। बताया जा रहा है कि करीब 500 मीटर तक एटीएम मशीन को टोचन करके ले जाया गया। इसके बाद चोरों ने मशीन को एक चारपहिया वाहन में लोड किया और मौके से फरार हो गए। वाहन के इनोवा होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Advertisement

करीब 7 लोगों ने दिया वारदात को अंजाम

स्थानीय जानकारी के अनुसार, इस घटना में करीब सात लोग शामिल थे। सभी आरोपियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोर किस रास्ते से वहां पहुंचे और चोरी के बाद किस दिशा में भागे।

Advertisement

एटीएम चोरी की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना की पीसीआर वैन तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरों ने वारदात की पहले से योजना बनाई थी या नहीं।

रात में नहीं रहता सुरक्षा गार्ड

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय एटीएम बंद कर दिया जाता है। इसी वजह से वहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहता था। चोरों ने इसका  फायदा उठाया और रात के अंधेरे में एटीएम मशीन को निशाना बनाया।

बताया जा रहा है कि एटीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरा और हूटर जैसी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। इसके बावजूद चोरी के दौरान हूटर नहीं बजा। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि वारदात के समय हूटर ने काम क्यों नहीं किया।

ATM में कितनी नकदी थी, अभी साफ नहीं

चोर अपने साथ पूरी एटीएम मशीन ही ले गए हैं। ऐसे में मशीन के अंदर उस समय कितनी नकदी मौजूद थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। एटीएम में रखी रकम की सही जानकारी बैंक अधिकारियों या एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी से मिलने की उम्मीद है। पुलिस इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि मशीन में अच्छी-खासी रकम हो सकती है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में युवक की हत्या का खुलासा, चचेरा भाई अरेस्ट, आपसी दुश्मनी में चाकू से काटा था गला

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×