धनबाद में दर्दनाक हादसा, 10 माह के मासूम संग मां ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत
Jharkhand News : झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय एक महिला ने अपने 10 महीने के मासूम बच्चे को सीने से चिपकाकर खुद को आग लगा ली। इसके बाद दोनों छत से नीचे गिर पड़े। इलाज के दौरान गुरुवार को मां-बेटे ने दम तोड़ दिया। घटना भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर की है।
मृतकों की पहचान सहाना परवीन और उसके बेटे फैजान के रूप में हुई है। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर गंभीर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
छत से नीचे एस्बेस्टस शेड पर गिरीं
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को आग की लपटों में घिरी महिला अपने बच्चे के साथ छत से नीचे आ गिरी। वह पास ही स्थित एक वकील के कार्यालय के एस्बेस्टस शेड को तोड़ते हुए नीचे रखी मेज पर जा गिरी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और पास के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों को बचाया नहीं जा सका।
पिता ने लगाया प्रताड़ना का आरोप, पति का इनकार
मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच काफी कहासुनी हुई थी। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने की मांग की है।
दूसरी तरफ, मृतका के पति शहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना के वक्त वह बाजार गया हुआ था और लौटने पर दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने घटना और दोनों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें - रांची में भरभराकर गिरी पानी की टंकी, मलबे में दबने से 2 मजदूरों की मौत

Join Channel