जमशेदपुर में नहर से मिला 30 वर्षीय महिला का नग्न शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
झारखंड के जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कलियाडीह गौशाला के पास रविवार सुबह एक नहर से लगभग 30 वर्षीय महिला का शव मिला, जिससे हड़कंप मच गया। मृतका के बेटे ने शव की पहचान की। पुलिस इस मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रही है।
स्थानीय लोगों ने नहर में देखा शव
रविवार को सुबह लोगों ने नहर में शव देखा। इसी सूचना उन्होंने तुरंत परसूडीह पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में बारीकी से जांच करने के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
घटनास्थल से एक जोड़ी चप्पल और एक पिट्टू बैग बरामद
पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही थी, तभी वहां से थोड़ी दूर एक जोड़ी चप्पल और एक पिट्टू बैग लावारिस हालत में बरामद हुआ। पुलिस ने सबूत के तौर पर उन चीजों को अपने पास रख लिया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ये सामान मृतक महिला का ही है या फिर किस दूसरे व्यक्ति का। शव को देखकर अंदाज़ा लगा रहे हैं कि यह घटना शनिवार देर रात की हो सकती है।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को लेकर जांच शुरू
इस मामले में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने बताया कि शुरुआती तौर पर ये मामला डूबने से हुई मौत का लग रहा है। हालांकि शव की हालत और सामान को देखकर पुलिस हर संभावित पहलू और दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।
महिला ने की थी दूसरी शादी
रविवार देर शाम मृतका के बेटे ने उसकी पहचान की। बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने दूसरी शादी की थी और उसके पिता बाहर रहकर काम करते हैं। वह खुद अपनी मां के साथ नानी के यहां रहता था। बेटे ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे मां अचानक घर से बाहर गई थीं, जिसके बाद देर शाम नहर में शव मिलने की खबर आई। इसके बाद परिवार वालों ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव की पहचान की। मृतका के भाई की रविवार को रिंग सेरेमनी होने वाली थी, लेकिन इस दर्दनाक घटना के कारण उसे भी कैंसिल करना पड़ा।
फ़िलहाल इस मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो सकेगा कि महिला की मौत डूबने से हुई है या फिर दुष्कर्म कर हत्या का मामला है।

Join Channel