Jharkhand: ज्वेलर्स दुकान में दिनदहाड़े लूटपाट! लाखों के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुए बदमाश
Pakur Jewelry Shop Robbery: झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार से दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में लूटपाट का मामला सामने आया है। दरअसल आज यानी बुधवार को किशुन वर्मा ज्वेलर्स में घुसे बदमाश सोने और चांदी के लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। दिन के समय बाजार के बीच हुई इस वारदात से दुकानदारों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में पूरे इलाके में लूटमार की खबर फैल गई। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई कि आखिर व्यस्त बाजार में बदमाश इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर कैसे भाग गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि अपराधी दुकान से जो सोने और चांदी के आभूषण लेकर गए हैं, उसकी कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। लेकिन, कितने आभूषण चोरी हुए और उनकी सही कीमत कितनी है, इसका अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। दुकान में रखे सामान का मिलान करने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी सामने आएगी। पुलिस और दुकान संचालक की ओर से चोरी गए जेवरात का आकलन किया जा रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद अमड़ापाड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने ज्वेलर्स की दुकान का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े जरूरी सबूत जुटाने शुरू किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को कितने लोगों ने मिलकर अंजाम दिया। साथ ही बदमाश किस रास्ते से दुकान तक पहुंचे और घटना के बाद किस तरफ फरार हुए।
पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी को कब्जे में लेकर उसे खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी देख रही है कि घटना से पहले संदिग्ध लोग बाजार या दुकान के आसपास तो नहीं घूम रहे थे। वहीं पुलिस दुकान के आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाए जाने के बाद स्थानीय कारोबारियों में डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में दिन के समय भी इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों को जल्द पकड़ने और बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त बढ़ने से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

Join Channel