'किडनैप नहीं, पति की मार से तंग आकर महिला ने छोड़ा था घर! पुलिस ने 7 साल बाद ऐसे सुलझाया पूरा केस
Palamu Missing Woman Found: झारखंड के पलामू जिले का करीब सात साल पुराना मामला पुलिस ने आखिर सुलझा लिया है। बता दें कि साल 2019 में जिस महिला के किडनैप होने का केस पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया था, उसे अब पुलिस ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सुरक्षित बरामद कर लिया है। महिला के सामने आने के बाद इस पूरे मामले ने अलग ही रूप ले लिया है। दरअसल, पुलिस को दिए गए अपने बयान में बताया है कि वह किसी के द्वारा अगवा नहीं की गई थी, बल्कि घरेलू हिंसा और लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर खुद ही घर छोड़कर चली गई थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला के पति प्रकाश ने साल 2019 में पुलिस स्टेशन में यह शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी को किडनैप कर लिया गया है । उसने गांव के तीन लोगों पर उसकी पत्नी को किडनैप करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, कई साल बीत जाने के बाद भी महिला का कोई पता नहीं लगा। दूसरी ओर, जिन लोगों पर किडनैप का आरोप लगाया गया था, वे गांव में नॉर्मल लाइफ जीते रहे। ऐसे में यह मामला लंबे समय तक अधर में लटका रहा।
स्पेशल टीम की जांच में सुलझी मामले की गुत्थी
ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए बिश्रामपुर के SDPO चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में एक स्पेशल जांच टीम बनाई गई। टीम ने पुराने रिकॉर्ड, तकनीकी सबूतों और अन्य जानकारियों के आधार पर दोबारा जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि महिला मध्य प्रदेश के भोपाल शहर के बेरखेड़ी इलाके में रह रही है। सूचना मिलने के बाद पलामू पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने साथ लेकर आई।
वहीं पुलिस को दिए अपने लिखित बयान में महिला ने खुलासा किया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी पति ने उसके साथ मारपीट की थी। इससे परेशान होकर वह पहले घर के पास एक बैंगन के खेत में छिप गई। अगले दिन उसने वहां से निकलकर ट्रेन पकड़ी और भोपाल पहुंच गई। वहां उसने अपनी पहचान छिपाकर रहना शुरू किया और मेहनत-मजदूरी करके अपने बच्चों का गुजारा करती थी।
महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं महिला ने अपने बयान में आगे अपने पति पर चार शादियां करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि पति की दो अन्य पत्नियां बिहार में रहती हैं। महिला ने साफ शब्दों में कहा कि वह अब किसी भी हाल में अपने पति के साथ वापस नहीं रहना चाहती। उसका कहना है कि लंबे समय तक घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना झेलने के बाद उसने घर छोड़ने का फैसला लिया था और यह उसका अपना फैसला था।
महिला के बयान के बाद अब इस मामले नया मोड़ ले लिया है। जिस केस को अब तक किडनैपिंग माना जा रहा था, उसमें अब महिला ने खुद बताया है कि वह अपनी इच्छा से घर छोड़कर गई थी। ऐसे में पुलिस अब उसके बयान के आधार पर पूरे मामले की दोबारा जांच में जुट गई है।
पुलिस ने क्या कहा?
मामले पर बिश्रामपुर के SDPO चिरंजीवी मंडल ने महिला की बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे भोपाल से सुरक्षित वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि महिला के बयान को रिकॉर्ड कर लिया गया है और उसी के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पहले दर्ज किए गए अपहरण के मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पति की तीसरी पत्नी निकली सबिता! छत्तीसगढ़ ले जाकर पलामू में छोड़ा; महिला ने थाने में कराई शिकायत

Join Channel