Gandey River Drowning Incident: नदी में नहाने के दौरान तीन मासूमों की डूबने से मौत, गोताखोरों ने निकाले शव
गिरिडीह जिले में मंगलवार शाम को मेढो गांव के पास जयंती नदी में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। तीन मासूमों की उम्र 13 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से देर शाम तक खोज अभियान चलाया गया, गोताखोरों ने तीनों के शव बरामद किए। इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
नदी में नहाने के दौरान डूबे 3 बच्चे
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को लगभग 4 बजे गांडेय के गांधी नगर निवासी 5 बच्चे तीन साइकिलों पर सवार होकर निकले, घर पर उन्होंने घूमने की बात कही थी। मेढ़ो पुल के पास जयंती नदी में नहाने के लिए एक-एक करके कूदे और नदी के गहरे पानी में डूबने लगे। इसके बाद दो दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और हत्ता मचाते हुए ग्रामीणों को सूचित करने के लिए भागे।
मृतक बच्चों की पहचान अंश कुमार (14), आदित्य बर्मन (13) और श्रेयांस कुमार (13) के रूप में हुई है।
गोताखोरों ने नदी से निकाले शव
बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू की। इसकी सूचना मिलने पर बीडीओ, सीओ समेत गांडेय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम और खंडोली के गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला।
विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने जताया दुख
हादसे की सूचना मिलने पर झामुमो नेता फरदीन इम्तियाज अहमद सदर अस्पताल पहुंचे और वहां मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन से पूरी जानकारी ली है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें हरसंभव मदद दिलाने पर जोर दिया है।

Join Channel