For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

झारखंड: चार माह से लापता युवक का कंकाल जंगल में मिला, कपड़ों से हुई पहचान

बोकारो के जंगल में मिला लापता युवक का कंकाल, मौली धागे से हुई शिनाख्त

01:14 AM Apr 01, 2025 IST | Rahul Kumar Rawat

बोकारो के जंगल में मिला लापता युवक का कंकाल, मौली धागे से हुई शिनाख्त

झारखंड  चार माह से लापता युवक का कंकाल जंगल में मिला  कपड़ों से हुई पहचान

झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत पेटरवार थाना क्षेत्र से चार माह पूर्व लापता हुए 20 वर्षीय दीपक कुमार का कंकाल सोमवार को इसी थाना क्षेत्र के बगजोबरा जंगल से बरामद किया गया। युवक के कपड़े और हाथ में बंधे मौली धागे के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने कंकाल को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। दीपक मूल रूप से हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अचलजामो गांव का रहने वाला था और पिछले दो-तीन वर्षों से वह पेटरवार थाना क्षेत्र के बगजोबरा स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 11 दिसंबर को अचानक लापता हो गया था।

लापता युवक का कंकाल जंगल में मिला

परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसे लेकर पेटरवार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। लोगों ने इलाके के विधायक और झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के अलावा जिले के आला पुलिस अफसरों से उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी। सोमवार को बगजोबरा गांव के कुछ लोग जब जंगल गए तो उन्होंने झाड़ी के पास एक कंकाल देखा। इसकी जानकारी उन्होंने ग्रामीणों को दी। इसके बाद दीपक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने कंकाल में बदल चुके शव के कपड़ों और मौली धागा (पूजा का धागा) के आधार पर उसकी पहचान की। बाद में पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई तो वह मौके पर पहुंची। परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या कर शव को जंगल में ठिकाने लगाया गया है। उन्होंने इस मामले की गहराई से तहकीकात कर हत्यारों का पता लगाने और गिरफ्तार करने की मांग की है। दीपक की मौत की खबर से बगजोबरा सहित आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई है।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Rahul Kumar Rawat

View all posts

Advertisement
×