गुजरात : BJP के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी में AAP, केजरीवाल-मान ने साबरमती आश्रम का किया दौरा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा के लिए अहमदाबाद शहर पहुंचे।
03:09 PM Apr 02, 2022 IST | Desk Team
गुजरात में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी जमीन तलाशना शुरू कर दिया है। इसी चरण में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा के लिए अहमदाबाद शहर पहुंचे। शनिवार को दोनों मुख्यमंत्रियों ने साबरमती आश्रम का दौरा किया।
Advertisement
केजरीवाल और मान ने साबरमती आश्रम में हृदय कुंज का दौरा किया, जहां महात्मा गांधी रहते थे। इसके अलावा उन्होंने संग्रहालय का भी दौरा किया तथा गांधी की प्रतिमा पर शीश झुकाये। उन्होंने आश्रम में आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज किये और आश्रम के अधिकारियों ने उन्हें चरखे की एक प्रतिकृति तथा महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित पुस्तकें भेंट की।
केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं पहली बार साबरमती आश्रम आया हूं। इससे पहले जब मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता था, तब कई बार इस जगह पर आया था।” उन्होंने कहा, “मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे आंतरिक शांति मिलती है।” आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने बताया कि केजरीवाल आज शाम को शहर के पूर्वी क्षेत्रों में दो किलोमीटर का रोडशो करेंगे।
Advertisement