Top NewsIndiaWorld
Other States | Delhi NCRHaryanaUttar PradeshBiharRajasthanPunjabJammu & KashmirMadhya Pradeshuttarakhand
Business
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

लालू यादव फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित, तेजस्वी ने दी क्रांति की चेतावनी, NDA पर साधा तीखा निशाना

07:05 PM Jul 05, 2025 IST | Priya

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक शुक्रवार को पटना में आयोजित की गई, जिसमें लालू प्रसाद यादव को एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वे अब 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे। बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व, चुनावी रणनीति, संगठनात्मक बदलाव और केंद्र व राज्य सरकारों पर हमले की झलक स्पष्ट रूप से दिखी।

राबड़ी देवी ने पारिवारिक विवाद पर तोड़ी चुप्पी
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पहली बार पारिवारिक विवाद पर सार्वजनिक टिप्पणी करते हुए कहा, "हर घर में बंटवारा होता है, हमारे बोलने से क्या होगा?" उन्होंने एनडीए सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एनडीए ने बिहार को कुछ नहीं दिया, जबकि राजद सरकार के दौरान राज्य को कई कारखाने मिले। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विकास हुआ होता तो नेताओं को जनता के बीच घूमने की जरूरत क्यों पड़ती?

लालू यादव बोले- पार्टी को कभी नहीं झुकने देंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद लालू यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं। आप लोगों ने मुझ पर भरोसा जताया है। पार्टी को कभी झुकने नहीं देंगे।" उन्होंने तेजस्वी यादव की मेहनत की सराहना की और कहा कि वे दिन-रात काम में लगे रहते हैं। लालू ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर तैयारी करनी होगी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर सर्वे किया जा रहा है।

तेजस्वी यादव की चेतावनी – टिकट उन्हीं को मिलेगा जो जनता के बीच रहेगा
तेजस्वी यादव ने लालू प्रसाद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा, "यह बिहार के करोड़ों गरीब और वंचितों के लिए गर्व का क्षण है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि अब केवल पदाधिकारी होना टिकट की गारंटी नहीं होगा। "जो जनता के बीच रहेगा, संघर्ष करेगा, उसी को जिम्मेदारी मिलेगी। हमें सत्ता परिवर्तन से आगे बढ़कर क्रांति लानी है," तेजस्वी ने कहा।

नीतीश कुमार और पीएम मोदी पर तीखे हमले
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि 2005 से 2025 बहुत हो गया। "उम्र का तकाजा देखते हुए अब त्यागपत्र देकर विश्राम करना चाहिए।" उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उस बयान का हवाला देते हुए कहा जिसमें कहा गया था कि नीतीश कुमार केवल चुनाव तक के लिए ही मुख्यमंत्री हैं। तेजस्वी ने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि उनकी बिहार यात्राओं पर भारी खर्च होता है, लेकिन राज्य को कोई ठोस लाभ नहीं मिला। "ना कोई विशेष पैकेज, ना एम्स, ना आईआईटी, और ना ही कोई बड़ा उद्योग," उन्होंने आरोप लगाया।

कानून-व्यवस्था पर चिंता और 'माई बहिन मान योजना' की घोषणा
तेजस्वी यादव ने उद्योगपति खेमका की हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। साथ ही एक मंत्री की नियुक्ति पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या किसी ने प्रोफेसर मंत्री को कभी परीक्षा या इंटरव्यू देते देखा है? राजद नेता ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 'माई बहिन मान योजना' की घोषणा की, जिसके तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामाजिक और आर्थिक सहायता दी जाएगी। सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे इस योजना के तहत फॉर्म भरवाने का कार्य आरंभ करें।

राबड़ी देवी का सवाल – बिहार में आईटी सेक्टर क्यों नहीं?
राबड़ी देवी ने बिहार में आईटी सेक्टर की कमी और पलायन की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "बिहार से सबसे ज्यादा पलायन क्यों होता है? आपने बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी पर कोई ठोस नीति क्यों नहीं बनाई?" उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, डकैती, बलात्कार जैसी घटनाएं रोज होती हैं और सरकार पूरी तरह विफल है।

 

Advertisement
Advertisement
Next Article