पंजाब में कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है, सिद्धू और अमरिंदर ने AAP सरकार पर साधा निशाना
पंजाब के पटियाला जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की उसकी जान-पहचान के कुछ लोगों के साथ कहासुनी होने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गयी।
08:51 PM Apr 06, 2022 IST | Desk Team
पंजाब के पटियाला जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की उसकी जान-पहचान के कुछ लोगों के साथ कहासुनी होने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस हत्या के बाद कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कानून व्यवस्था को लेकर आप सरकार की आलोचना की है।
Advertisement
सिद्धू और अमरिंदर का हमला
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात को पटियाला में पंजाबी विश्वविद्यालय के पास कहासुनी के बाद दौन कलां गांव के धमिंदर सिंह की हत्या कर दी गयी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। सिद्धू ने ट्विट पर यह वीडियो क्लिप साझा किया एवं लिखा, ‘‘ पंजाब में कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गयी है और मुख्यमंत्री हिमाचल की शीतल बयार में वोट मांगने में व्यस्त हैं। पटियाला में दो और सुनियोजित हत्याएं हुईं। औसतन रोजाना तीन-चार हत्याएं हो रही हैं, लोग डर के साये में हैं। आपके दायित्व के निर्वहन का सबसे अच्छा तरीका चीजें संभालना होता है।’’
केजरीवाल और मान मंडी में चुनाव अभियान में व्यस्त
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी में आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ थे जहां पार्टी ने अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। हिमाचल प्रदेश में इस साल बाद में विधानसभा चुनाव होने हैं। सिंह ने भी आप सरकार पर निशाना साधा एवं ट्वीट किया, ‘‘ पंजाब में हिंसा की घटनाओं में हाल की वृद्धि चिंताजनक है। पंजाब पुलिस इन स्थितियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है बशर्तें उसे पंजाब सरकार कड़ी कार्रवाई करने की छूट दे। किसी को भी इतनी मशक्कत से पंजाब में कायम हुई शांति को भंग करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’
Advertisement