Madhya Pradesh: मप्र की धरती पर लव जिहाद का खेल चलने नहीं दूंगा,जरूरत पड़ी तो बनेगा कड़ा कानून : CM शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह राज्य में ‘लव जिहाद का खेल चलने नहीं देंगे’ और जरूरत पड़ी तो लव जिहाद के खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।
06:01 AM Dec 05, 2022 IST | Desk Team
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि वह राज्य में ‘लव जिहाद का खेल चलने नहीं देंगे’ और जरूरत पड़ी तो लव जिहाद के खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।
उन्होंने नेहरू स्टेडियम इंदौर में क्रांति सूर्य टंट्या मामा भील बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। चौहान ने कहा, ‘‘कई लोग जनजातीय समाज की बेटियों से शादी कर उनकी जमीन हड़पने का षड्यंत्र करते हैं। मैं मध्य प्रदेश की धरती पर लव जिहाद का खेल चलने नहीं दूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कोई बेटी के 35 टुकड़े कर दे, मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा। जरूरत पड़ी तो लव जिहाद के खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।’’ चौहान ने कहा कि यहां क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम कोई कर्म कांड नहीं बल्कि सामाजिक और आर्थिक क्रांति का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर जनजातीय कल्याण के संकल्प को पूरा भी किया जा रहा है। राज्य के 89 जनजातीय बहुल विकासखंडों में पंचायत (अनुसूचित क्षेत्र का विस्तार) अधिनियम (पेसा एक्ट) लागू किया जा चुका है, जो जनजातीय समुदाय को जल, जंगल और जमीन का हक प्रदान करता है। चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट में हर गांव में समितियां बनेगी। इन समितियों में एक तिहाई सदस्य महिला होंगी। ग्राम सभाओं को अपने गांव के जल, जंगल और जमीन के उपयोग का पूर्ण अधिकार होगा। पेसा एक्ट छल-कपट से छीनी गई जमीन पर जनजातीय समाज को दोबारा अधिकार दिलवायेगा।
Advertisement
Advertisement

Join Channel