MP: बंडा शराब कांड में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी रवि लखेरा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Banda Poisonous Liquor Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले में सामने आए जहरीली शराब मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपी और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवि लखेरा घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को गुरुवार रात सूचना मिली थी कि रवि लखेरा बरायठा इलाके के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की तैयारी की। बता दें कि पुलिस टीम के करीब पहुंचने पर रवि लखेरा ने खुद को बचाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी पर था 20 हजार का इनाम
पुलिस की जांच में रवि लखेरा का नाम बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में सामने आया है। पुलिस का दावा है कि वह अवैध शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाला फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। इस मामले में पुलिस पहले से उसकी तलाश कर रही थी। रवि लखेरा के खिलाफ बहेरिया थाने में भी अवैध शराब से जुड़ा मामला दर्ज है। इस केस में भी वह फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने कई स्तर पर अभियान चलाया था।
लगातार फरार चल रहे रवि लखेरा पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस को उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के बाद बरायठा के जंगल में उसके छिपे होने का पता चला।पुलिस की टीम ने रणनीति बनाकर जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की। मुठभेड़ के बाद आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों और सप्लाई से संबंधित जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी।
ललितपुर की नकली शराब फैक्ट्री से भी जुड़ा नाम
रवि लखेरा का नाम इससे पहले भी नकली शराब के एक मामले में सामने आ चुका है। मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पुलिस ने नकली शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का खुलासा किया था। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में नकली शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली दूसरी सामग्री बरामद की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को अवैध शराब के इस नेटवर्क के तार मध्य प्रदेश तक जुड़े होने की जानकारी मिली थी। इसी जांच में रवि लखेरा का नाम भी सामने आया था। अब सागर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के बाद यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब तैयार करने और उसकी सप्लाई के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

Join Channel