चित्रकूट में भारी बारिश के बाद बढ़ा मंदाकिनी का जलस्तर, रामघाट डूबा; 200 से ज्यादा दुकानें बाढ़ की चपेट में
मध्य प्रदेश के सतना जिले में लगातार हो रही बारिश की वजह से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मंगलवार सुबह से ही बारिश जारी है, इस बीच जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। चित्रकूट में बारिश की वजह से मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। रामघाट क्षेत्र पूरा जलमग्न हो गया है, यहां 200 से ज्यादा दुकानें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। इसकी वजह से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
सतना और चित्रकूट में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 से 3 सितंबर के बीच सतना और चित्रकूट में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने सभी SDM को अलर्ट जारी कर अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
दुकानों और घरों में घुसा पानी
कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद से मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यहां 200 से ज्यादा दुकानें बाढ़ की चपेट में आ गई है। दुकानों के अंदर पानी भर गया है, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कई दुकानदार दुकान से अपना सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। सिर्फ दुकानें ही नहीं, बल्कि नदी किनारे रहने वाले लोगों के घरों तक भी पानी पहुंच गया है।
मंदाकिनी नदी का बढ़ा जलस्तर
मंदाकिनी नदी में अचानक बढ़े जलस्तर की वजह से रामघाट के दुकानदारों की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। सुबह 4 बजे नदी का पानी खतरे के निशान से सिर्फ 10 सेंटीमीटर नीचे था, लेकिन तेज बारिश के चलते यह जलस्तर सुबह 6 बजे 128.150 मीटर और 8 बजे तक बढ़कर 129.000 मीटर पर पहुंच गया है।

मंदाकिनी नदी ने इस समय विकराल रूप ले रखा है। हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। दुकानों से लेकर घरों और मंदिरों तक पानी पहुंचने से हालात गंभीर बने हुए हैं, इसी के साथ लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत बचाव कार्य जारी है।
Also Read: अल्मोड़ा में भारी बारिश के बीच एक मकान में घुसा मालबा, 2 महिलाओं और 1 मासूम की मौत; रेस्क्यू जारी

Join Channel