मध्य प्रदेश के गुना में पलटा केमिकल से भरा टैंकर, तेल समझकर मची लूट, फिर जो हुआ...
Guna Oil Tanker Accident: मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र में शनिवार को एक टैंकर के सड़क पर पलटने के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने मानवता पर सवाल खड़े कर दिए। बता दें कि टैंकर में रिफाइंड ऑयल जैसा दिखने वाला एक केमिकल भरा था। हादसे के बाद यह पदार्थ सड़क पर फैल गया। इसे खाने का तेल समझकर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग बर्तन और डिब्बे लेकर मौके पर पहुंच गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसा टोड़ी रोड पर पेंची के पास हुआ। टैंकर के अनियंत्रित होकर पलटने के बाद उसमें भरा पदार्थ सड़क पर बहने लगा। कुछ ही देर में इसकी खबर आसपास के गांवों में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोग अपने साथ बाल्टी, कैन, डिब्बे, टिफिन और पॉलीथिन तक लेकर आए थे। कई लोग मोटरसाइकिल से कंटेनर बांधकर पहुंचे। सड़क पर हर तरफ लोगों की भीड़ नजर आने लगी। लोग टैंकर से बह रहे पदार्थ को ज्यादा से ज्यादा भरने की कोशिश कर रहे थे।
खाने का तेल समझकर घर ले गए ग्रामीण
इस दौरान घटना की सूचना मिलने के बाद बीनागंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाने और हालात को काबू करने की कोशिश की। लेकिन , ग्रामीण पीछे हटने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस की मौजूदगी में भी लोग एक-दूसरे से आगे निकलकर टैंकर से पदार्थ भरते रहे। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए। काफी कोशिश के बाद पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल किया और टैंकर को सुरक्षित करवाया। पुलिस के अनुसार, टैंकर के कैसे पलटा इसकी जांच की जा रही है। सबसे बड़ी चिंता तब सामने आई, जब लोगों को पता चला कि टैंकर में खाद्य तेल नहीं था। कई ग्रामीण इसे खाने का तेल समझकर अपने घर ले जा चुके थे। कुछ लोग इसका इस्तेमाल खाना बनाने और तलने के लिए करने की तैयारी में थे।
इसके बाद प्रशासन ने लोगों को सावधान करते हुए महत्वपूर्ण सूचना जारी की। चाचौड़ा के अनुविभागीय अधिकारी और तहसीलदार मयंक खेमरिया ने स्पष्ट किया कि टैंकर से मिले पदार्थ का इस्तेमाल किसी भी हालत में खाने-पीने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। प्रशासन के मुताबिक, टैंकर में मौजूद पदार्थ खाद्य तेल नहीं है और इसमें रासायनिक तत्व हो सकता है। इसलिए इसे खाने या किसी खाद्य सामग्री में इस्तेमाल करने से गंभीर नुकसान हो सकता है। प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि इसके सेवन से उल्टी, दस्त, फूड पॉइजनिंग और विषाक्तता जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा लिवर और किडनी पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। गलत तरीके से सेवन करने पर स्थिति जानलेवा भी हो सकती है।
पंचायतों को भी दिए गए निर्देश
इस बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के गांवों में सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ग्राम पंचायत पेंची, कोटरा, कनका, नेहरू, लहरचा, भैंसुआ, मुहासा कला, खतौली, महेशपुरा, टोड़ी, सागर, जयसिंहपुर और बिजनीपुरा समेत आसपास की पंचायतों के सचिवों और रोजगार सहायकों को लोगों को जागरूक करने के लिए कहा गया है।
प्रशासन का मकसद है कि जिन लोगों ने इस पदार्थ को तेल समझकर घर ले लिया है, वे इसका इस्तेमाल खाने में न करें। साथ ही गांवों में लोगों को इसके संभावित खतरे के बारे में जानकारी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: Betul Farmer Accident: मध्यप्रदेश के बेतुल में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई कार, 3 की मौत, 6 घायल

Join Channel