ग्वालियर में गर्लफ्रेंड ने कार पर किए KISS, हर तरफ लिपस्टिक के निशान देख पुलिस ने थमाया 5,500 रुपये का चालान
Gwalior Kissing Car Viral Video: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक अजीबो-गरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाए गए थे। ये निशान युवक की गर्लफ्रेंड ने कार पर बनाए और इसके बाद इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और महज एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिल गए। मामला पुलिस तक पहुंचा तो यातायात पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार की पहचान की और उसे जब्त कर लिया। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ग्वालियर में एक युवक ने सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाने के लिए अपनी कार के साथ यह किया। युवक की गर्लफ्रेंड ने कार की बाहरी बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक से किस के निशान बनाए। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। वीडियो में कार की पूरी बॉडी पर लाल रंग के लिपस्टिक के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। कार सड़क पर चलती हुई नजर आई तो लोगों का ध्यान भी उसकी ओर गया। वीडियो पोस्ट होने के बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया। बताया गया कि करीब एक दिन में वीडियो को 55 लाख से ज्यादा बार देखा गया।
भाई के साथ गलत हुआ… हमें बहुत दुख है ग्वालियर में गर्लफ्रेंड ने 3-4 घंटे मेहनत करके प्रेमी की कार पर 3400+ लिपस्टिक किस के निशान बना दिए। कार वायरल हो गई… पुलिस ने पकड़ लिया और ₹5500 का चालान काट दिया। बेचारी गर्लफ्रेंड की सारी मेहनत पानी में मिल गई। हम इसकी कड़ी निंदा करते… pic.twitter.com/xPxjqW3pNr
— ekkadam (@ekkadam260772) August 25, 2026
वायरल वीडियो पर पड़ी पुलिस की नजर
कार का वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस की नजर भी इस पर पड़ी। पुलिस ने वीडियो को देखकर कार की पहचान करने की कोशिश शुरू की। वीडियो में कार के नंबर और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक का पता लगाया। पुलिस की जांच में कार थाटीपुर इलाके में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद यातायात पुलिस की टीम ने थाटीपुर पहुंचकर कार को अपने कब्जे में ले लिया और उसे यातायात थाने लाया गया।
कार मालिक को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस के अनुसार, युवक ने अपनी गलती मान ली। इसके बाद उसने खुद ही कार की बॉडी पर बनाए गए लिपस्टिक के निशान पानी से साफ किए। पुलिस ने युवक को समझाया भी दी और वाहन से जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या ज्यादा व्यूज हासिल करने के लिए सड़क पर इस तरह के प्रदर्शन करना नियमों के दायरे में आता है।
5,500 रुपये का लगाया जुर्माना
ट्रैफिक SHO अभिषेक रघुवंशी के मुताबिक, कार के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के अलग-अलग प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। युवक पर कुल 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने कार से सभी लिपस्टिक के निशान हटा दिए। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किए जाने वाले अजीबोगरीब प्रयोगों को चर्चा में ला दिया है।
पुलिस ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में वाहन चलाते समय नियमों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सड़क पर चलने वाले किसी भी वाहन से जुड़ी गतिविधि में यातायात नियमों का पालन जरूरी है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के गुना में पलटा केमिकल से भरा टैंकर, तेल समझकर मची लूट, फिर जो हुआ…

Join Channel