Indore Hotel Rape Case: पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर होटल में बुलाया... इंदौर में ट्रेनी रेंजर ने थानेदार की बेटी से किया दुष्कर्म!
मध्य प्रदेश के इंदौर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आजाद नगर थाना पुलिस ने ट्रेनी रेंजर अजय सोलंकी को गिरफ्तार किया है। दरअसल ये गिरफ़्तारी एक 26 वर्षीय युवती द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर की गई है। युवती प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है, जो एक थानेदार की बेटी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, युवती की अजय सोलंकी से इंस्टाग्राम के जरिए जान-पहचान हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों ने इंदौर के अलग-अलग होटलों (Hotel Assault Case) में मुलाकात की। शुरुआत में दोनों भंवरकुआं इलाके के एक होटल में मिले, जबकि बाद में मूसाखेड़ी स्थित होटल में भी उनकी मुलाकात हुई। बता दें कि अजय सोलंकी की बहन भी पुलिस अधिकारी हैं।
शादी का वादा कर बनाए संबंध

शिकायत में युवती ने बताया कि अजय ने उससे प्रेम का इजहार किया और शादी करने का भरोसा दिया। इसी भरोसे पर उसने आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि बाद में अजय अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके अलावा उसने यह भी आरोप लगाया कि अजय ने उससे करीब 40 हजार रुपये भी लिए थे।
जब युवती को लगा कि आरोपी शादी नहीं करेगा, तो उसने अपने पिता और बड़ी बहन के साथ आजाद नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के लिए बुलाया, फिर हुई गिरफ्तारी

थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अजय सोलंकी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उससे मामले को लेकर सवाल किए। पर्याप्त आधार मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब अजय को पता चला कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने वाली है, तब उसने शादी के लिए हामी भर दी। उसके परिवार, खासकर पिता ने भी शादी के लिए सहमति जताई। हालांकि, तब तक युवती अपना फैसला बदल चुकी थी। उसने साफ कहा कि अब वह शादी नहीं करना चाहती और कानूनी कार्रवाई ही चाहती है।
युवती ने कानूनी कार्रवाई पर दिया जोर

बताया जा रहा है कि युवती के परिवार के कुछ लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन उसने अपनी शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने विधि अनुसार एफआईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें: 2 महीने पहले हुई थी शादी, अब दुल्हन ने फांसी लगाकर दे दी जान, पति ने किया चौंकाने वाला खुलासा
Amit Kumar
View all postsamitkumark402@gmail.com
अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Join Channel