W3Schools
Advertisement

MP के SC छात्रावास में बच्चों की सेहत से खिलवाड़! चावल में कीड़े, किचन में सड़ी सब्जियां और कमरे में बंधा मिला कुत्ता

MP Government Hostel Food Issue: मध्य प्रदेश के दतिया के इंदरगढ़ स्थित SC छात्रावास में औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं मिलीं। किचन में कीड़े वाला चावल और सड़ी सब्जियां मिलीं। छात्रों के सोने की जगह के पास कुत्ता बंधा था। 50 सीटों वाले हॉस्टल में सिर्फ 4-5 छात्र मिले। तहसीलदार ने रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी है।
07:14 PM Sep 02, 2026 IST | Amit Kumar
MP Government Hostel Food Issue: मध्य प्रदेश के दतिया के इंदरगढ़ स्थित SC छात्रावास में औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अव्यवस्थाएं मिलीं। किचन में कीड़े वाला चावल और सड़ी सब्जियां मिलीं। छात्रों के सोने की जगह के पास कुत्ता बंधा था। 50 सीटों वाले हॉस्टल में सिर्फ 4-5 छात्र मिले। तहसीलदार ने रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी है।
mp के sc छात्रावास में बच्चों की सेहत से खिलवाड़  चावल में कीड़े  किचन में सड़ी सब्जियां और कमरे में बंधा मिला कुत्ता
MP Government Hostel Food Issue (credit social media )

MP Government Hostel Food Issue: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अनुसूचित जाति (SC)  सरकारी छात्रावास की बदहाल व्यवस्था सामने आई है। इंदरगढ़ तहसील स्थित 50 सीटर छात्रावास का तहसीलदार दीपक यादव ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान हॉस्टल में साफ-सफाई, भोजन और रखरखाव से जुड़ी कई गंभीर खामियां मिलीं।

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  निरीक्षण के दौरान किचन की हालत  देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। छात्रों के लिए बनाए जाने वाले चावल में कीड़े पड़े मिले। वहीं, किचन में रखी कई सब्जियां सड़ी हुई थीं। उनसे इतनी तेज दुर्गंध आ रही थी कि वहां कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा था। वहीं दूसरी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता भी बेकार मिली।

Advertisement

छात्रों के रहने की जगह पर बंधा था कुत्ता

तहसीलदार ने जब छात्रावास के किचन और वहां रखे खाद्य पदार्थों की जांच की तो भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। चावल में कीड़े मिलने के बाद हॉस्टल में छात्रों को किस तरह का खाना दिया जा रहा था, इस पर सवाल उठने लगे हैं। किचन में रखी सड़ी सब्जियों ने भी व्यवस्था की पोल खोल दी। बताया गया कि कई खाद्य सामग्री खराब हालत में पड़ी थी। ऐसे में छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान छात्रावास के कमरों में भी हैरान करने वाली स्थिति देखने को मिली। जिन जगहों पर छात्र रहते और सोते हैं, वहां एक विदेशी नस्ल का कुत्ता पलंग के पास बंधा हुआ मिला। पास में ही कुत्ते के खाने की प्लेट भी रखी थी।छात्रावास में इस तरह कुत्ते को रखने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे हॉस्टल की साफ-सफाई और छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

50 छात्रों की क्षमता, मौके पर मिले सिर्फ 4-5 छात्र

यह छात्रावास 50 छात्रों के रहने की क्षमता वाला है। लेकिन औचक निरीक्षण के दौरान यहां केवल चार से पांच छात्र ही मौजूद मिले। अधिकारियों ने जब इसकी वजह जानने की कोशिश की तो छात्रों ने हॉस्टल में भोजन की व्यवस्था ठीक नहीं होने की बात बताई।

छात्रों के मुताबिक, 15 अगस्त के बाद से छात्रावास में खाना नहीं बनाया गया है। उनका कहना था कि यहां नियमित रूप से भोजन नहीं मिलता, जिसके कारण अधिकांश छात्र हॉस्टल में रहना पसंद नहीं करते।

छात्र संगठनों की शिकायत के बाद हुआ निरीक्षण

जानकारी के मुताबिक, कुछ छात्र संगठनों ने छात्रावास में लंबे समय से चल रही कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायत की थी। इसी शिकायत के बाद तहसीलदार दीपक यादव ने छात्रावास का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान सामने आई स्थिति ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। भोजन की खराब गुणवत्ता, गंदगी और रखरखाव की कमी जैसी कई समस्याएं मौके पर दिखाई दीं।

अधीक्षक के व्यवहार को लेकर भी शिकायत

निरीक्षण के दौरान छात्रों ने छात्रावास के अधीक्षक के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें कीं। छात्रों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तहसीलदार दीपक यादव ने कहा कि निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। छात्रों से बातचीत के दौरान भी अधीक्षक के व्यवहार को लेकर नकारात्मक बातें सामने आईं।

छात्रावास के रखरखाव के लिए करीब 40 लाख रुपये का बजट मिलने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि इस राशि के इस्तेमाल में भी अनियमितता और भ्रष्टाचार किया गया। तहसीलदार दीपक यादव के मुताबिक, छात्रावास में मिली खामियों की विस्तृत रिपोर्ट जिला कलेक्टर को भेज दी गई है। रिपोर्ट में निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। अब आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन की जांच और रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें: चित्रकूट में भारी बारिश के बाद बढ़ा मंदाकिनी का जलस्तर, रामघाट डूबा; 200 से ज्यादा दुकानें बाढ़ की चपेट में

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×