ट्विशा शर्मा मामले में CBI ने किया सीन रीक्रिएट, साथ ले गई डमी पुतला और वजन, मौजूद रहे गिरिबाला और पति समर्थ
Twisha Sharma Case Update : भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही CBI अब सच्चाई तक पहुंचने के लिए हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है. इसी क्रम में जांच एजेंसी ने आरोपी पति समर्थ सिंह और उसकी मां, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएशन कराया है. दोनों से फिलहाल CBI कस्टडी में लगातार पूछताछ की जा रही है.
रीक्रिएट किया सीन

सीबीआई की टीम उस घर में पहुंची, जहां ट्विशा शर्मा कथित तौर पर फंदे से लटकी हुई मिली थीं. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम को दोबारा समझने और आखिरी पलों की तस्वीर स्पष्ट करने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह द्वारा पूछताछ में दी गई जानकारी के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम को दोहराया जा रहा है.
जांच के दौरान सीबीआई अपने साथ एक डमी पुतला और वजन नापने के लिए डंबल भी लेकर पहुंची. एजेंसी 80 किलोग्राम वजनी डमी पुतले का इस्तेमाल कर यह परख रही है कि यदि ट्विशा फंदे से लटकी थीं, तो समर्थ सिंह ने उनके शव को नीचे कैसे उतारा होगा. पूछताछ में समर्थ ने दावा किया था कि उसने खुद बेल्ट के सहारे लटके ट्विशा के शव को नीचे उतारा था, जबकि उसकी मां गिरिबाला सिंह ने फंदे की गांठ खोली थी.
घटनास्थल से वीडियो आई सामने

घटनास्थल से सामने आए एक वीडियो में सीबीआई अधिकारी उसी स्थान पर दिखाई दे रहे हैं, जहां ट्विशा कथित रूप से फंदे पर लटकी मिली थीं. वीडियो में अधिकारी फंदे की व्यवस्था करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान करीब 7-8 CBI अधिकारी जांच करते दिखाई दे रहे हैं. उनके हाथ में पीले रंग की पुलिस टेप है जिसे वे बाउंडरी बनाते दिखाई दे रहे हैं. जांच एजेंसी इस पूरी प्रक्रिया के जरिए यह समझने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के बयान घटनास्थल की परिस्थितियों से मेल खाते हैं या नहीं.
वीडियो में देखा जा सकता है CBI बेल्ट की मजबूती का भी परीक्षण कर रही है. एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि जिस बेल्ट का इस्तेमाल कथित तौर पर आत्महत्या के लिए किया गया था, वह संबंधित वजन को सहन करने में सक्षम थी या नहीं.
क्या थी घटना
गौरतलब है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं. जांच के दौरान एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें ट्विशा 12 मई की शाम करीब 7 बजकर 20 मिनट पर घर की सीढ़ियों से छत की ओर जाती दिखाई दी थीं. इसके लगभग एक घंटे बाद उनका पति समर्थ सिंह दो अन्य लोगों के साथ उन्हें सीपीआर देता हुआ नजर आया था.
इस मामले में ट्विशा के परिजनों ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है. सीबीआई अब वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है.

Join Channel