उज्जैन में करणी सेना के पद को लेकर खूनी जंग! ढाबे पर 2 लोगों की हत्या से मची सनसनी
Ujjain Double Murder Case: मध्य प्रदेश के उज्जैन के कानीपुरा इलाके में बुधवार देर रात एक ढाबे पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दरअसल करणी सेना के पद और इलाके में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर झगड़ा देखने को मिला। आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष ने 15 से 20 हथियारबंद लोगों को बुला लिया। इसके बाद ढाबे पर पहुंचे हमलावरों ने चाकू और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में करणी सेना से जुड़े राहुल दरबार और उनके साथी जितेंद्र पवार की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, नीमनवासा निवासी राहुल दरबार उर्फ विजय प्रताप (42) और शक्ति सिंह के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के बीच करणी सेना के पद और इलाके में प्रभाव को लेकर पहले भी कई बार तनाव हो चुका था। बुधवार रात करीब 2 बजे दोनों पक्षों के लोग कानीपुरा स्थित ‘लक्की दरबार’ ढाबे पर एक साथ बैठे थे। बताया गया कि वे पुराने विवाद को खत्म करने और आपसी समझौता करने के इरादे से वहां पहुंचे थे। बातचीत के दौरान शराब और खाना चल रहा था, लेकिन इसी बीच फिर से करणी सेना के पद को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और राहुल दरबार के समर्थकों ने शक्ति सिंह के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद शक्ति सिंह वहां से चला गया। आरोप है कि जाते समय उसने बाद में देख लेने की धमकी दी थी।
कुछ देर बाद हथियारों के साथ लौटा शक्ति सिंह
पुलिस ने बताया कि, ढाबे से निकलने के बाद शक्ति सिंह ने अपने साथियों को फोन किया। कुछ ही देर में वह अपने भाई अर्पित, रमेश महाना, अन्ना, सोनू बंजारा और अन्य लोगों के साथ कई गाड़ियों में सवार होकर वापस ढाबे पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उनके साथ करीब 15 से 20 लोग और थे। आरोप है कि सभी के हाथों में चाकू और अन्य धारदार हथियार थे। ढाबे पर पहुंचते ही उन्होंने वहां मौजूद लोगों पर हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने राहुल दरबार और उनके साथियों को निशाना बनाया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
हमले में राहुल दरबार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, राहुल के साथी उंडासा निवासी जितेंद्र पवार (35) का शव ढाबे के पास झाड़ियों में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे पप्पू जाट और श्रवण कुमार राव भी घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों ने पुलिस को हमले से जुड़ी अहम जानकारी दी है।
कई लोगों पर दर्ज हुआ केस
बता दें कि, मामले की सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना SHO विवेक कनोडिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, घायलों के बयान के आधार पर शक्ति सिंह, उसके भाई अर्पित, रमेश महाना, अन्ना और सोनू बंजारा को नामजद किया गया है। इनके अलावा 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी हत्या और बलवे समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब ढाबे और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: चोर नहीं, कुत्ता ले उड़ा 4 लाख के गहनों से भरा बैग, मंदसौर अस्पताल की हैरान कर देने वाली घटना, देखें Video

Join Channel