महाराष्ट्र : एक्शन में एकनाथ, पुलिस को निर्देश- काफिले में विशेष बंदोबस्त की जरूरत नहीं
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को पुलिस से कहा कि वह मुंबई और राज्य में अन्य स्थानों पर उनके काफिले के लिए कोई विशेष बंदोबस्त न करे।
06:03 PM Jul 08, 2022 IST | Desk Team
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को पुलिस से कहा कि वह मुंबई और राज्य में अन्य स्थानों पर उनके काफिले के लिए कोई विशेष बंदोबस्त न करे। शिंदे ने राज्य के पुलिस महानिदेशक रजनीश सेठ और मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फंसालकर से चर्चा के बाद यह निर्देश दिए।
विशेष काफिले के कारण आम आदमी को मुश्किलें होती हैं -एकनाथ शिंदे
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, शिंदे ने निर्देश दिया कि उनके काफिले के लिये कोई विशेष बंदोबस्त नहीं होना चाहिए क्योंकि इससे आम आदमी को मुश्किलें पेश आती हैं और देर होती है।
शिंदे ने कहा, “यह आम आदमी की सरकार है ऐसे में उसे वीआईपी की जगह प्राथमिकता मिलनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि विशेष इंतजाम के कारण यातायात जाम होता है जिससे आम आदमी की दिनचर्या प्रभावित होती है और पुलिस बल पर बोझ पड़ता है।
आपको बता दे कि सीएम एकनाथ शिंदे साधारण व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। इसीलिए उन्होनें अपने काफिले में विशेष बंदोबस्त को लेने से इंकार कर दिया हैं। गत दिनों पहले शिवसेना से बगावत महाराष्ट्र के सिंहासन पर विराजमान हुए एकनाथ शिंदे अपनी सरकार को आम आदमी की सरकार बता रहे हैं। लेकिन सियासी संकट में उन्हे केंद्र सरकार ने z की सिक्योरिटी प्रदान की थी ।
Advertisement
Advertisement