UP : भगवान ऐसा बेटा किसी को न दे... मां फुटपाथ पर रहने को मजबूर, CM से लगाई न्याय की गुहार
मारपीट कर घर से निकाला, अब फुटपाथ है सहारा
कानपुर देहात : कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला को उसके ही बेटे और बहू ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पति की मृत्यु के बाद से महिला लगातार प्रताड़ना का शिकार होती रही और अब वह फुटपाथ पर रातें गुजारने को मजबूर है। पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी और महिला आयोग को पत्र लिखकर न्याय की मांग की है।
पति की मौत के बाद शुरू हुई प्रताड़ना
रसूलाबाद तहसील के ग्राम अकौड़िया निवासी मालती देवी के अनुसार, उनके पति की मौत वर्ष 2020 में हो गई थी। इसके बाद से ही उनका बेटा अजय और बहू रजनी उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। मालती देवी ने बताया कि बेटा-बहू न केवल उन्हें पागल घोषित करने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुके हैं।
मारपीट कर घर से निकाला, अब फुटपाथ है सहारा
मालती देवी का कहना है कि उनका अपना पुश्तैनी घर और जमीन होते हुए भी वह आज बेघर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू और बेटे ने उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब वह मजदूरी कर जीवन यापन कर रही हैं और फुटपाथ पर सोने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि अगर उन्हें कुछ होता है तो उसके जिम्मेदार उनका बेटा और बहू होंगे।
‘हमें बहुत सुकून महसूस हो रहा है…’, ईरान से लौटे भारतीय नागरिकों ने PM मोदी का जताया आभार
दबंगों से मिलीभगत का आरोप
पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि उसका बेटा और बहू इलाके के कुछ दबंगों से मिले हुए हैं, जिनकी मदद से वे उसका मकान और जमीन हड़पना चाहते हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि वे किसी भी समय उसकी हत्या करा सकते हैं। मालती देवी का कहना है कि वह अपनी जान को लेकर डरी हुई हैं और अधिकारियों से गुहार लगाने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है।
प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
मालती देवी ने अपनी पीड़ा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी कानपुर देहात और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग को पत्र भेजा है। उन्होंने अपील की है कि उन्हें उनका घर वापस दिलाया जाए और बेटे-बहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस मामले को लेकर इलाके में चर्चा और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह कलियुग का उदाहरण है, जहां एक मां, जिसने अपने बेटे को जन्म दिया, वही बेटा अब उसे घर से निकाल रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।