मनीष सिसोदिया का बड़ा दावा, MCD में AAP के सत्ता में आने पर 5 साल में दिल्ली से गायब हो जाएंगे कूड़े के ढेर
राजधानी दिल्ली में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीती में तेज़ी देखने को मिल रही है। दिल्ली एमसीडी चुनाव से पहले राजनीतिक दल जमकर प्रचार कर रहे हैं।
02:43 PM Nov 09, 2022 IST | Desk Team
राजधानी दिल्ली में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीती में तेज़ी देखने को मिल रही है। दिल्ली एमसीडी चुनाव से पहले राजनीतिक दल जमकर प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली में कूड़े को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी एक दूसरे को निशाना बनाना चुनाव आने पर तेज़ हो गया है। इसी बीच दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि लोग भाजपा का कचरा साफ करने के लिए नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को वोट देंगे।
Advertisement
गाज़ीपुर में कूड़े के ढेर की ऊंचाई कम
उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ एमसीडी में सत्ता में आती है तो दिल्ली में कचरे के सारे ‘ढेर’ पांच साल में गायब हो जाएंगे। मनीष सिसोदिया गाज़ीपुर इलाके में कूड़े के ढेर का दौरा करने के बाद यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि सिर्फ यह दिखाने के लिए कि गाज़ीपुर में कूड़े के ढेर की ऊंचाई कम हो गई है, भाजपा नीत दिल्ली नगर निगम ने यहां का कचरा उठाकर आसपास के इलाकों में फेंक दिया।
इस समस्या का हल निकालने के लिए भाजपा के इरादे मजूबत नहीं है। लेकिन अभी तक भाजपा ने इस आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं की है । सिसोदिया ने कहा, 4 दिसंबर को होने वाले नगर निगम चुनाव में लोग स्वच्छ दिल्ली के लिए ‘‘भाजपा का कचरा’’ साफ करने के लिए ‘‘झाडू’’ को वोट देंगे।
Advertisement
दिल्ली में कचरे के सारे ‘‘ढेर’’ पांच साल में गायब हो जाएंगे!
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद एक इंजीनियर हैं और सावधानीपूर्वक योजना बनाते हैं। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में दिल्ली से ढलाव घर और कचरे के ढेर हटाने की योजना बनायी है। सिसोदिया ने कहा, अगर अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ एमसीडी में सत्ता में आती है तो दिल्ली में कचरे के सारे ‘‘ढेर’’ पांच साल में गायब हो जाएंगे। हमारे पास योजना मौजूद है। ढलाव घर पर संवाददाताओं से बात करते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने आप द्वारा निगम पर ‘‘16 नये कचरे के पहाड़’’ खड़े करने के आरोप को दोहराया। इस दावे को पहले निगम खारिज कर चुका है।
सिसोदिया ने गाज़ीपुर इलाके में कूड़े के ढेर (लैंडफिल साइट) की परिधि में क्षेत्र का एक चक्कर लगाया और कुछ स्थानीय लोगों से बात की, जिन्होंने उनसे स्वच्छ पेयजल और कूड़े से आने वाली दुर्गंध आदि समस्याएं साझा कीं। उन्होंने कहा, ‘‘चिंता मत कीजिए। ‘आप’ को निगम में भी लाएं और हम लोगों की सभी समस्याओं का समाधान करेंगे।’’
गाज़ीपुर इलाके में कचरा फैलाने’ की कोशिश
भाजपा द्वारा ‘‘आप पर कचरे पर राजनीति कर सफाई कर्मचारियों के प्रति अनादर दिखाने’’ के आरोप पर सिसोदिया ने कहा कि पार्टी पिछले 15 साल से निगम पर शासन कर रही है और लंबित वेतन समेत अन्य मुद्दों के कारण सफाई कर्मचारियों को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब ‘आप’ नगर निगम में सत्ता में आएगी, तो वह सफाईकर्मियों को समय से वेतन देगी और उनके जीवन को बेहतर बनाएगी।
सिसोदिया के साथ ‘आप’ के नगर निगम चुनाव प्रभारी दुर्गेश पाठक भी मौजूद थे। पाठक ने मंगलवार को भाजपा पर ‘‘गाज़ीपुर इलाके में कचरा फैलाने’’ की कोशिश करने का आरोप लगाया और दावा किया कि कचरे के पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों पर गिरा।
इस दावे को खारिज करते हुए नगर निगम ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ‘‘गाज़ीपुर में कचरे का पहाड़ ढहाए जाने की एक भ्रमित सूचना फैल रही है। गाज़ीपुर में अपशिष्ट से ऊर्जा संयंत्र की दीवार का एक छोटा सा हिस्सा ढह गया और इसे ठीक करने के वास्ते तत्काल कार्रवाई की गई।