W3Schools
For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

कोरोना वायरस संक्रमण से रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगडी का निधन, PM मोदी ने दुख व्यक्त किया

रेल राज्य मंत्री एवं कर्नाटक से भाजपा सांसद सुरेश अंगडी का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे।

11:17 PM Sep 23, 2020 IST | Shera Rajput

रेल राज्य मंत्री एवं कर्नाटक से भाजपा सांसद सुरेश अंगडी का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे।

कोरोना वायरस संक्रमण से रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगडी का निधन  pm मोदी ने दुख व्यक्त किया
रेल राज्य मंत्री एवं कर्नाटक से भाजपा सांसद सुरेश अंगड़ी का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। 
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उनका निधन आज रात लगभग आठ बजे एम्स ट्रॉमा सेंटर में हुआ जिसे समर्पित कोविड अस्पताल में तब्दील किया गया है। 
बेलगावी से चौथी बार सांसद रहे अंगड़ी पहले केंद्रीय मंत्री हैं जिनका कोविड-19 महामारी की वजह से निधन हुआ है। इससे पूर्व कम से कम छह विधायकों और तीन सांसदों का इस बीमारी से निधन हो चुका है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी कोरोना वायरस से संक्रमित थे जिनका 31 अगस्त को निधन हो गया था। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। 
अंगडी ने 11 सितंबर को टि्वटर पर खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की घोषणा की थी। उन्होंने आग्रह किया था कि जो लोग पिछले दिनों में उनके संपर्क में आए हैं, वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और कोई लक्षण दिखने पर अपनी जांच करा लें। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंगड़ी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘श्री सुरेश अंगडी असाधारण कार्यकर्ता थे जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ा परिश्रम किया। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे जिनकी हर कोई सराहना करता था। उनका निधन दुखद है। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ 
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश अंगड़ी जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह एक असाधारण नेता थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन को समर्पित कर दिया और लगातार समाज की सेवा की। उनके परिजनों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ 
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अंगड़ी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘सुरेश अंगडी जी के निधन से बेहद दुखी हूं। वह मेरे भाई की तरह थे। लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा समर्पण का वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों तथा मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ऊॅं शांति।’’ 
पूर्व प्रधानमंत्री एवं जद (एस) प्रमुख एच डी देवगौड़ा ने अंगड़ी के निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें अपने ‘‘छोटे भाई’’ की तरह बताया। 
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों तथा शुभचिंतकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’ 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने भी रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। 
श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा है, ‘‘ रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ीजी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह अच्छे प्रशासक, सदाबाहर सांसद और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी थे। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ओम शांति। ’’ श्री शाह ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ रेल राज्य मंत्री और कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश अंगड़ीजी के निधन का समाचार मिलने से दुखी हूं। उन्हें राष्ट्र और पार्टी की निस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा याद किया जायेगा। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति शांति शांति। ’’
राज्यसभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर ने भी अंगड़ी के निधन पर दुख व्यक्त किया और इसे बेहद दुखद खबर बताया। 
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री सुरेश अंगड़ी जी के निधन से दुखी हूं। उनका निधन सरकार, कर्नाटक के लोगों और पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।’’
अंगडी के निधन की वजह से दिल्ली में बृहस्पतिवार को सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। आज रात यहां जारी शोक संदेश में श्री योगी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए स्व0 श्री अंगड़ी के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रेल राज्य मंत्री सुरेश चेन्नाबासप्पा अंगड़ीके असामयिक निधन पर आज गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की। 
श्री कुमार ने यहां अपने शोक संदेश में कहा कि श्री अंगड़ी लोकप्रिय राजनेता थे और वर्ष 2004 से वर्तमान समय तक लगातार लोकसभा के सदस्य रहे। उनका रेलवे मंत्रालय का कार्यकाल भी शानदार रहा। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। 
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा दुख की इस घड़ में उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। 
सुरेश अंगड़ी के सम्मान में राजधानी के सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा
रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के सम्मान में गुरूवार को राजधानी दिल्ली के सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। श्री अंगड़ी का आज रात यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। 
गृह मंत्रालय ने कहा है कि दिवंगत नेता के सम्मान में गुरूवार को राजधानी दिल्ली के सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। 
श्री अंगड़ी संसद के मानसून सत्र के पहले जांच में कोरोना विषाणु से संक्रमित पाये गये थे और उनका एम्स में उपचार चल रहा था। 
Advertisement
Advertisement
Author Image

Shera Rajput

View all posts

Advertisement
Advertisement
×