For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

जामताड़ा में नाबालिग की रेप के बाद हत्या, सड़क पर उतरे लोग, आरोपी गिरफ्तार

रेप और हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

02:33 AM Feb 17, 2025 IST | IANS

रेप और हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

जामताड़ा में नाबालिग की रेप के बाद हत्या  सड़क पर उतरे लोग  आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला थाना क्षेत्र में 10 वर्षीया बच्ची से रेप के बाद उसकी हत्या की घटना को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों लोग बच्ची के शव के साथ सड़क पर उतर आए। उन्होंने दुमका-नाला सड़क को जाम कर दिया और आसपास की दुकानें बंद करा दी। पुलिस ने जाम हटवाने की कोशिश की तो आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। बाद में वारदात के आरोपी मदन बाउरी को गिरफ्तार किए जाने पर लोगों ने जाम हटाया।

दरअसल, नाला थाना क्षेत्र के डाबर गांव की रहने वाली बच्ची का शव रविवार को भदरबुड़ी जंगल से बरामद किया गया। बच्ची शनिवार से लापता थी। वह कक्षा तीन की छात्रा थी। उसके शव के पास से चिप्स और कुरकुरे के रैपर बरामद किए गए थे।

बताया जा रहा है कि आरोपी बच्ची को लालच देकर जंगल की तरफ ले गया था। घटना की सूचना पाकर एसडीपीओ मनोज कुमार महतो और नाला थाना प्रभारी प्रदीप राणा गांव पहुंचे थे। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोग आरोपी की गिरफ्तारी और फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे।

ग्रामीण तभी हटे, जब आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को कुछ लोगों ने आरोपी को बच्ची के साथ देखा था। वह उसे कुरकुरे का पैकेट दे रहा था। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आरोपी मदन बाउरी के घर की तलाशी के दौरान खून लगी टी-शर्ट बरामद की है। बताया गया है कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसकी उम्र 40 वर्ष है। उसने दो शादियां की हैं। अपनी दूसरी पत्नी का पैर काटने के आरोप में वह जेल भी जा चुका है। उसकी दोनों पत्नियां उसे छोड़ चुकी हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×